चलती रोडवेज बस में लगी आग, चालक के साहस से बचे यात्री
महराजगंज : जीएम मार्ग पर बुधवार की शाम करीब साढ़े सात बजे रोडवेज की चलती बस में शार्ट आग लग गयी। बस
महराजगंज : जीएम मार्ग पर बुधवार की शाम करीब साढ़े सात बजे रोडवेज की चलती बस में शार्ट आग लग गयी। बस चालक के साहस से 50 यात्रियों की जान बच गयी।
महराजगंज से रोडवेज की बस नंबर यूपी 53 बीटी-3697 गोरखपुर के लिए चली। जीएम मार्ग (गोरखपुर-महराजगंज) पर 22 किमी दूर परतावल कस्बे में बस के शाम करीब साढ़े सात बजे पहुंचने पर आग लगी। कुछ ही मिनट में बस में धुंआ भर गया। बस लहराने लगी और यात्री चीखने-चिल्लाने लगे। लगातार हार्न बजा कर चालक ने कस्बे के लोगों का ध्यान आकृष्ट किया फिर इमरजेंसी ब्रेक लगाकर बस को रोका। मुख्य गेट के साथ ही बस में लगे इमरजेंसी फाटक को खोलकर चालक व परिचालक ने सभी यात्रियों को बाहर निकाला।
हमारे परतावल प्रतिनिधि को यात्रियों ने बताया कि बस चालक विनोद पांडेय के साहस से हम सभी की जान बची। कस्बे के लोगों के सहयोग से बस में लगी आग पर काबू पाया गया। सभी यात्री दहशत में थे। परिचालक ने भी यात्रियों को बाहर निकालने में जान की बाजी लगा दी।
महराजगंज से गोरखपुर जा रहे राजेश श्रीवास्तव, अशोक मिश्र, राधेश्याम त्रिपाठी, शेषनाथ आदि यात्रियों ने बताया कि बस में हार्न के अलावा सब कुछ बज रहा था। चालक भी बस को धीमी गति से चला रहा था। हालांकि कुछ यात्री उस पर तेज चलाने के लिए दबाव बना रहे थे। यह बस परतावल से जैसे ही आगे बढ़ी कि आग लग गयी। संभवत: शार्ट सर्किट से आग लगी। इसके बाद बस में धुआं भर गया। हाथ को हाथ नहीं सूझ रहा था। अन्य यात्रियों के साथ हम भी चिल्लाने लगे। लहराती बस को चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगा कर रोका। कुछ यात्री इमरजेंसी फाटक व कुछ मुख्य गेट से बाहर निकले। जान बची तो लाखों पाए। हम सब यात्रियों ने ईश्वर के प्रति कृतज्ञता जतायी।
आग बुझने के आधे घंटे के भीतर बस में आयी खराबी ठीक हो गयी और यात्रियों को लेकर चालक विनोद पांडेय व परिचालक सुरेन्द्र राय गोरखपुर रवाना हो गए।
-----------