विशाल ताजिया बना आकर्षण का केन्द्र
महराजगंज: मिठौरा क्षेत्र के ग्राम भागाटार के टोला अमतहा में पांच गुंबद व मीनारों वाले 110 फुट
महराजगंज:
मिठौरा क्षेत्र के ग्राम भागाटार के टोला अमतहा में पांच गुंबद व मीनारों वाले 110 फुट ऊंचा ताजिया लोगों के आकर्षण का केन्द्र बना है। जिसे देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ रही है। लगभग ढाई लाख की लागत से 5 कारीगरों द्वारा बनने वाले इस ताजिये के निर्माण में एक वर्ष का समय लगा है।
सऊदी अरब के मदीना स्थित नबुई मस्जिद की शक्ल में बनाने वाले 5 कारीगरों में हिन्दू मुस्लिम दोनों बिरादरी के लोग है। कारीगरों में बंधन साहनी , मुबारक , युसुफ अली ,वाजिद अली के अलावा मुख्य कारीगर मो.हुसैन ने बताया कि 110 फुट ऊंचे 50 फुट लम्बे व 40 फुट चौड़े इस विशाल ताजिये में कुल पांच गुंबद व पांच मीनारें बन कर तैयार हैं। जो अलग अलग खंडों में हैं। और जिसे जल्दी ही जोड़ कर मुहर्रम के पूर्व मूर्तरूप दे दिया जायेगा। अब तक निर्माणाधीन जनपद के विशालतम ताजिये में से एक इस ताजिये के निर्माण में 2500 बांस 50 रिम कागज एक-एक कुन्तल कांटी व तार दस हजार फोम ,गोद के लिए एक कुन्तल मैदा, 50 किलो ग्राम धागा प्रयुक्त हो चुका है।
ग्राम प्रधान अजमुद्दीन व उनके भाई गयासुद्दीन अंसारी व तसमुद्दीन सहित पूर्व प्रधान शेषमणि ,त्रिपुरेश, इरशाद , इम्तियाज, साबिर व तैयब अली इसके निर्माण में आर्थिक सहयोग दे रहे हैं।