रोशनी से नहाया शहर,आतिशबाजी की धूम
महराजगंज : दीपावली महापर्व पर मंदिरों संग पूरा शहर रोशनी में नहा उठा। हर घर में सगुन के दीप जलाए गए।
महराजगंज : दीपावली महापर्व पर मंदिरों संग पूरा शहर रोशनी में नहा उठा। हर घर में सगुन के दीप जलाए गए। मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना कीं और देर रात तक आतिशबाजी की धूम रही।
बस स्टेशन रोड स्थित दुर्गा मंदिर व फरेंदा रोड स्थित श्याम मंदिर को झालरों से इस कदर सजाया गया था कि जिधर भी निगाह जाती प्रकाश ही दिखायी देता।
शहर में स्थित भवनों पर लगी झालरों के बीच टिमटिमाते दीपक अपनी छटा बिखेरते मिले। दीपक की लौ इस बात का अहसास करा रही थी कि अब अंधेरे को पनपने नहीं देंगे। इसी तरह हर तरफ प्रकाश फैलेगा।
भवनों की क्षत व मुंडेर पर दीपक संग कतार से सजी मोमबत्तियां आंखों को सुकून दे रहीं थीं। सजावट को लोग आंखों में कैद करने को आतुर दिखे।
हर घर में आतिशबाजी हुई। देर रात तक लोगों के बच्चों ने फुलझड़ियां जलायीं। युवकों में भी आतिशबाजी को लेकर गजब का उत्साह रहा। राकेट दागे, अनार संग बुलेट बम चलाए। दबंग की सतरंगी संग खूब धमाके किये और धमाल मचाते रहे।
पकवान की खुशबू तो हर घर से आ रही थी। मिठाइयों संग लजीज व्यंजनों का लोगों ने जमकर आनंद लिया। खुद भी खाया और मित्रों, पड़ोसियों व रिश्तेदारों को भी खिलाया। लाई संग चीनी से बने हाथी-घोड़ों का भी लोगों ने खूब मजा लिया।
-------------