जमकर हुई खरीदारी, सिक्के भी खूब खनके
महराजगंज: महापर्व धनतेरस पर जनपद के लोगों ने जमकर खरीदारी की। वर्तन, लाई, चीनी से बनी मिठाई, लड्ड
महराजगंज:
महापर्व धनतेरस पर जनपद के लोगों ने जमकर खरीदारी की। वर्तन, लाई, चीनी से बनी मिठाई, लड्डू व गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियां खरीदने पर जोर रहा। गहनों के साथ सिक्के भी खूब खनके।
शहर के सभी बाजारों में दुकानों को कारोबारियों ने करीने से सजाया था। सक्सेना चौक, हनुमानगढ़ी, कालेज रोड, मऊ पाकड़, फरेंदा रोड पर सड़क की दोनो पटरियों पर सजी वर्तन व लाई-गट्टा की दुकानों पर खूब भीड़ रही। देर रात तक लोगों ने अपनी जरूरत के हिसाब से सामान खरीदा। कम पूंजी के लोगों ने सगुन के तौर पर चम्मच, कटोरी, ट्रे, टिफिन बाक्स, थाली आदि खरीदा। मूर्तियां भी खूब बिकी । गणेश-लक्ष्मी की संयुक्त मूर्तियां लोगों की पहली पसंद रहीं। टेलीविजन, फ्रीज, कूलर, पंखा, टेबल, सोफा सेट व बेड पर आकर्षक इनाम के जरिए दुकानदारों ने ग्राहकों को आकर्षित किया और ढेरों सामान बेचे।
महारानी विक्टोरिया की मूर्ति वाले चांदी के सिक्के खूब खनके। चांदी के सिक्के बड़ों की पहली पसंद रहे वहीं गणेश-लक्ष्मी की मूर्ति वाले सोने के सिक्के भी लोगों ने खरीदे।
इस बार धनतेरस महापर्व पर सर्वाधिक भीड़ दो पहिया वाहनों के शो रूम पर दिखी। हर दो मिनट पर एक नई बाइक सड़क पर आ रही थी। शहर से लेकर देहात तक करीब पंद्रह हजार बाइक बिकने का अनुमान संचालकों ने लगाया। हीरो कंपनी की बाइक की ओर लोगों को झुकाव अधिक दिखा वहीं टीवीएस की स्पोर्ट बाइक लोगों के आकर्षण का केंद्र रही।
मिठाइयां भी खूब बिकीं। सगुन का लाभ लड्डू ने उठाया और शाम सात बजे तक दुकानों से लड्डू साफ हो गए। गुलाब जामुन, लालमोहन व रसगुल्ला के साथ छेने की मिठाईयां भी लोगों ने मन भर खरीदीं। घर को सजाने के लिए लोगों ने झालरें खरीदीं।
निचलौल, नौतनवा व आनंदनगर कार्यालय के अनुसार धनतेरस महापर्व पर देर रात तक बाजारों में चहल-पहल रही और लोगों ने सगुन के रूप में वर्तन, सिक्के, ज्वेलरी, मिठाइयां खरीदीं।
शिकारपुर, पनियरा, परतावल, घुघली, सिसवा बाजार, चौक, मिठौरा, बभनौली, फरेंदा, कोठीभार, बृजमनगंज, धानी, गड़ौरा प्रतिनिधि के अनुसार धनतेरस पर रात तक लोगों ने वर्तन, मिठाइयां, बाइक आदि सामान खरीदे और परिवार संग हंसते हुए घर लौटे।