उमड़ी आस्था, बहती रही श्रद्धा की बयार
महराजगंज : नवरात्र महापर्व पर सोमवार को श्रद्धालुओं ने पांचवे दिन स्कंदमाता का पूजन-अर्चन किया। मंद
महराजगंज : नवरात्र महापर्व पर सोमवार को श्रद्धालुओं ने पांचवे दिन स्कंदमाता का पूजन-अर्चन किया। मंदिरों में जगत जननी के दर्शन हेतु दिन भर आस्था का सैलाब उमड़ता रहा और श्रद्धा की बयार बहती रही।
लेहड़ावाली मां के दरबार में गैर जनपद के साथ ही नेपाल के लोगों ने भी मत्था टेका और घंटो कतार में खड़े रहने के बाद बारी आने पर मां के दर्शन किए। फूल-माला व प्रसाद चढ़ाया, नारियल फोड़े और धूप, अगरबत्ती जला कर मां की कृपा मांगी। घरों में व्रती लोगों ने दुर्गा सप्तसती का पाठ किया और मां की आरती उतारी।
मुख्यालय स्थित दुर्गा मंदिर पर भी दिन भर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। सभी ने मां के दर्शन किए। आरती उतारी, पूजन-अर्चन किया और प्रसाद चढ़ाया। भोर में चार बजे शुरू हुई पूजा देर रात तक चलती रही। शाम को वर्षा शुरू होने के बाद भी लोगों का मां के दर्शन करने का क्रम नहीं टूटा। बारिश में भीगते हुए भारी संख्या में श्रद्धालु मां के दरबार में पहुंचे और दर्शन कर मां से चरणों में शरण देने की मांग की। दिन भर मां के जयकारे से परिसर गूंजते रहे और श्रद्धा की बयार बहती रही।
सभी देवी मंदिरों के बाहर दिन भर मेला लगा रहा। मां के दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने मेले का आनंद लिया। जीवन उपयोगी सामान खरीदे। वहीं जिनकी मनौती पूरी हो गयी थी उन श्रद्धालुओं ने कड़ाही चढ़ायी। --------------