झाड़ फूंक के नाम पर ले लिए बारह लाख
महराजगंज:
पड़ोसी राष्ट्र नेपाल की रहने वाली दो महिलाओं के साथ झाड़ फूंक के नाम पर बारह लाख रूपया ऐंठने का मामला मंगलवार को प्रकाश में आया है। महिलाओं ने स्थानीय थाना क्षेत्र के लोहसी गांव के निवासी एक व्यक्ति पर झाड़ फूक के नाम पर बारह लाख के ठगी का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। हालांकि आरोपी सोखा अपने घर से फरार बताया जा रहा है। इसके पहले भी झाड़ फूक के नाम पर धन उगाही की बात को लेकर उक्त सोखा कई बार विवादों में रहा है।
लोहसी गांव में झाड़ फूक के नाम पर धन उगाही को लेकर आये दिन चर्चा में रहने एक सोखा मंगलवार को फिर चर्चा में आ गया। नेपाल के रूपन्देही जिले के बिथरी गांव की नागवती व उर्मिला नामक दो महिलाओं ने लोहसी गांव के निवासी प्रकाश पर झाड़ फूंक के नाम ठगी की शिकायत पुलिस क्षेत्राधिकारी से की। उनका कहना है कि सोखा ने उनकी खराब तबियत को सही करने के नाम पर उन्हें अंधविश्वास में फंसा कर उनकी जमीन बिकवा दी और पूजा पाठ के नाम पर बारह लाख रूपया ले लिया। मगर जब उनकी तकलीफ नहीं दूर हुई तो वे सोखा के घर पहुंच गयी। जहां सोखा ने विवाद करते हुए उन्हे घर से भगा दिया। इस संबंध में पुलिस क्षेत्राधिकारी पंकज कुमार सिंह का कहना है कि झाड़ फूंक के नाम पर ठगी की शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है।