सामूहिक बलात्कार के बाद किशोरी को बेचने का आरोप
जागरण संवाददाता, महराजगंज : पनियरा थाना क्षेत्र की एक किशोरी ने दबंगों ने अपहरण कर लिया। बंधक बनाकर दुष्कर्म किया और देह व्यापार के अड्डे पर बेंच दिया। एक वर्ष बाद उसे दोबारा आर्केस्ट्रा कंपनी के हाथ बेचा गया। आर्केस्ट्रा कंपनी से भागी पीड़िता सोमवार को पुलिस अधीक्षक के द्वार पहुंची और न्याय की गुहार लगायी।
पुलिस अधीक्षक को सौंपे ज्ञापन में किशोरी ने लिखा है कि उसकी जन्म तिथि 15 जून 2000 है वह पनियरा थाना क्षेत्र की निवासी है। पड़ोस में रहने वाली सुरसती ने जून 2012 में अपने घर बुलाया। सुरसती के घर पहुंची तो वहां पहले से मौजूद दो लोगों ने पकड़ लिया और बेहोशी की दवा सुंघा बेहोश कर दिया। होश आया तो अपने को लुधियाना में पाया। वहां तीन लोगों ने कई दिन तक जबरिया दुराचार किया। विरोध करने पर तीनों दरिंदे पिटाई करते। कई दिन तक सामूहिक दुराचार के बाद दबंगों ने एक वर्ष के लिए देह व्यापार के अड्डे पर बेच दिया। तीन माह पहले दरिंदों ने देह व्यापार के अड्डे से निकाला और गोरखपुर स्थित एक आर्केस्ट्रा कंपनी के हाथ दोबारा बेच दिया। आर्केस्ट्रा कंपनी से रविवार की रात भागी किशोरी ने ज्ञापन में तीनों आरोपियों का नाम व ठिकाने का पता भी लिखा है।
किशोरी ने एसपी से न्याय की गुहार लगायी और सामूहिक दुराचार के आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा कर गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस अधीक्षक ने पीड़िता को न्याय का भरोसा दिलाया और पनियरा थानाध्यक्ष को कार्रवाई का निर्देश दिया।