सेना भर्ती रद होने से युवा आक्रोशित, जौनपुर में ट्रेन रोकी
चंदौली में आज होने वाली सेना भर्ती रैली रद होने से आक्रोशित युवाओं ने जौनपुर में ट्रेन रोककर अपना रोष जताया। चंदौली में जगह-जगह पर इन युवाओं ने सड़क जाम की। सेना की ओर से भर्ती रद होने पर अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
लखनऊ। चंदौली में आज होने वाली सेना भर्ती रैली रद होने से आक्रोशित युवाओं ने जौनपुर में ट्रेन रोककर अपना रोष जताया। चंदौली में जगह-जगह पर इन युवाओं ने सड़क जाम की। सेना की ओर से भर्ती रद होने पर अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
सेना भर्ती रैली रद होने की सूचना पर सैकड़ों की संख्या में युवाओं ने आज जौनपुर में ट्रेन को रोक दिया। बड़ी संख्या में नाराज युवा रेलवे ट्रैक पर जमा हो गये। इन लोगों ने जौनपुर-औडिहार पैसेंजर को जौनपुर के केराकत के मुफ्तीगंज रेलवे के पास ट्रेन को रोककर प्रदर्शन किया।
उधर चंदौली में पुलिस ने सड़क जाम कर रहे युवाओं पर लाठीचार्ज किया है। सेना भर्ती रैली रद होने के बाद चंदौली में जगह-जगह सड़क जाम कर रहे युवाओं को पुलिस ने ऐसा करने से रोका तो इन लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। जिसके बाद पुलिस से लाठी चार्ज शुरू कर दिया। युवाओं ने सबसे पहले चहनियां चौराहे पर जाम लगाया। कई थानों की पुलिस ने युवाओं को हटाने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस पर पथराव कर दिया। जवाब में पुलिस ने भी पथराव कर रहे युवकों पर जमकर लाठियां भांजी। इसमें डेढ़ दर्जन युवा घायल हो गए। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे चक्काजाम चला।