उत्तर प्रदेश में विपक्ष के प्रति असहिष्णु योगी सरकार : अखिलेश
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकारें जनता को आतंकित करने में लगी हैैं। विपक्ष के प्रति उनका रवैया असहिष्णु है।
लखनऊ (जेएनएन)। संगठन को मजबूत करने में जुटे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकारें जनता को आतंकित करने में लगी हैैं। विपक्ष के प्रति उनका रवैया असहिष्णु है। इसके विरुद्ध बड़े आंदोलन की तैयारी शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि सितंबर में राष्ट्रीय अधिवेशन प्रस्तावित है, उससे पहले जिला व राज्य सम्मेलन होंगे। सम्मेलन में कुछ लोगों ने शिकायतें शुरू की तो राम गोपाल ने कहा कि लिखकर दे दीजिए, विचार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: योगी और अखिलेश सरकार में राज्यपाल ने देखा एक जैसा काम
आज प्रदेश कार्यालय में सदस्यता प्रमुखों, प्रभारियों, सांसद, विधायकों को संबोधित कर रहे अखिलेश ने कहा कि देश की राजनीति ढेरों चुनौतियों से घिरती जा रही है। समाज के हासिये पर जीवन गुजार रहे लोगों का उत्थान व युवा वर्ग को कौशल सम्पन्न बनाने की कोशिशों के स्थान पर अफवाह और झूठ की राजनीति हो रही है। युवा वर्ग को अफवाहबाजों से मुकाबला करने के लिए आगे आना होगा। सदस्यता अभियान की कामयाबी का श्रेय कार्यकर्ताओं को देते हुए कहा कि कार्यकर्ता गांव-गांव गए, बूथ तक सदस्य बनाए गए। पार्टी की असली ताकत बूथों पर है। इसी के बूते झूठ की राजनीति को पराजित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: भ्रष्टाचार मुक्त माहौल में उत्तर प्रदेश बन रहा इंडस्ट्रियल हब
सदस्यता अभियान का परिणाम संतोषजनक
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने बताया कि बैठक में मुख्य रूप से सदस्यता अभियान की समीक्षा की गई। यह अभियान 15 अप्रैल से 30 जून तक चला था। अभियान का परिणाम संतोषजनक पाया गया। सपा के प्रमुख महासचिव राम गोपाल यादव ने सदस्यता अभियान के प्रभारियों से हिसाब-किताब लिया। बैठक में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी, विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष अहमद हसन, मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी के अलावा प्रदेश सचिव एसआरएस यादव, अरविंद कुमार सिंह, सुनील यादव साजन, आनंद भदौरिया, विधायक नफीस अहमद, पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर, पूर्व मंत्री बलराम यादव, पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप व पार्टी के राज्यसभा सदस्य भी मौजूद थे।
यह भी पढ़ें: हर मंडल में ड्राइविंग प्रशिक्षण और गांव-गांव में कौशल विकास केंद्र
उमाशंकर के निधन पर शोक
सदस्यता अभियान की समीक्षा के दौरान उन्नाव के मूल निवासी व लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्र नेता रहे उमाशंकर को दिल का दौरा पड़ गया। उन्हें श्यामा प्रसाद मुखर्जी चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उनका निधन होने पर शव सपा कार्यालय लाया गया और श्रद्धांजलि दी गई। सपा के संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने भी उमाशंकर चौधरी के निधन पर गहरा शोक जताते हुए उनके निधन को पार्टी की क्षति बताया है।