लखनऊ में अवैध संबंधों के शक में महिला की जलाकर हत्या
लखनऊ के माल कस्बे में आज सुबह एक महिला को जिंदा जला दिया गया। बताया जा रहा है कि महिला के पति का अपनी भाभी के साथ अवैध संबंध था, जिसका उसने विरोध किया था।
लखनऊ। लखनऊ के माल कस्बे में आज सुबह एक महिला को जिंदा जला दिया गया। बताया जा रहा है कि महिला के पति का अपनी भाभी के साथ अवैध संबंध था, जिसका उसने विरोध किया था। मायके वालों का आरोप है कि पवन ने अपनी मां के साथ मिलकर पत्नी रानी पर मिट्टी का तेल डाल दिया और उसे आग के हवाले कर दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने सास को हिरासत में लिया है और बाकी सभी आरोपी फरार हैं।
माल कस्बा निवासी पवन के अपनी भाभी से अवैध संबंध थे। इसका पता चलने पर पवन की पत्नी रानी का उससे अक्सर विवाद होता था। इस बात को लेकर वे अक्सर लड़ते-झगड़ते रहते थे। कल देर रात रानी ने पवन को अपनी भाभी के साथ आपत्तिजनक अवस्था में देख लिया था। इस पर उसकी फिर से अपने पति पवन से कहासुनी हो गई। आरोप है कि आज सुबह उसने अपनी पत्नी को घर में ही जिंदा जला दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका की सास बसंती को हिरासत में ले लिया है। पवन समेत बाकी आरोपी घटना के बाद फरार हो गए हैं। पुलिस ने रानी के मायके वालों से भी बात की है, जो थाने आकर दहेज हत्या की तहरीर देने की बात कह रहे हैं।