Next President: रामनाथ कोविंद की जीत पर भाजपा मुख्यालय पर जश्न
एनडीए की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद की जीत के अवसर पर भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर जश्न का माहौल रहा।
लखनऊ (जेएनएन)। भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर गुरुवार को जश्न का माहौल था। अवसर था एनडीए की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद की जीत का। दोपहर बाद से ही यहां पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के आने का क्रम जारी हो गया था। जीत तो पहले से ही तय थी, बस जीत-हार के अंतर और नतीजों की प्रतीक्षा थी। नतीजों की अंतिम घोषणा होते ही आतिशबाजी का सिलसिला शुरू हो गया। लोगों ने एक दूसरे को बधाई दी और मुंह मीठा कराया। शाम करीब 4.45 पर जीत के इस जश्न में शामिल होने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य भी पहुंचे। इस मौके पर पार्टी के बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: वक्त बदला, गांव और शहर बदला लेकिन नहीं बदले रामनाथ कोविंद
कोविंद के राष्ट्रपति बनने से बढ़ा उप्र का गौरव
राज्यपाल राम नाईक ने राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर रामनाथ कोविंद को बधाई दी है। राज्यपाल ने कहा कि इससे उप्र का गौरव बढ़ा है। वह प्रदेश के पहले व्यक्ति हैं जिन्हें यह अवसर मिला है। प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के एक ही प्रदेश का होने के नाते यह गौरव और बढ़ जाता है। राज्यपाल ने कहा कि मैंने सांसद और सहयोगी राज्यपाल के रूप में कोविंद के साथ काम किया है। विश्वास जताया कि वह राष्ट्रपति पद की उच्च परंपरा को आगे बढ़ाएंगे।
यह भी पढ़ें: गोमती रिवर फ्रंट घोटाले की सीबीआइ जांच की संस्तुति
कोविंद की जीत समाज के वंचित तबके का सम्मान : योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की जनता की ओर से रामनाथ कोविंद को बधाई देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में देश का गौरव और बढ़ेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति पद के लिए कोविंद का निर्वाचन ग्रामीण भारत और समाज के वंचित तबके का सम्मान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा संसदीय दल की सकारात्मक सोच की वजह से देश को एक ऐसा राष्ट्रपति मिला, जिसका लंबा सार्वजनिक जीवन रहा है। जिन्होंने हमेशा वंचित तबके के हित भलाई के लिए काम किया। यह देश की सामाजिक चेतना के लिए शुभ संकेत है।
यह भी पढ़ें: हाईकोर्ट ने पूर्वमंत्री की चाबुक वाली बेटी की गिरफ्तारी पर रोक लगाई
कार्यकर्ता का यह सम्मान भाजपा में ही संभव : केशव
कोविंद की जीत पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने कहा कि बूथ से राजनैतिक जीवन की शुरुआत करने वाले कार्यकर्ता को देश के सर्वोच्च पद पर आसीन कराने का काम सिर्फ भाजपा ही कर सकती है। इससे साबित होता है कि असली लोकतंत्र भाजपा में ही है। केशव ने कहा कि भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत था वह किसी को भी इस पद पर निर्वाचित करवा सकती है लेकिन, पार्टी ने समाज के वंचित तबके के एक व्यक्ति और कार्यकर्ता पर भरोसा किया। यह दीनदयाल उपाध्याय के अन्त्योदय विचारधारा की जीत है। केशव ने कहा कि कोविंद को राष्ट्रपति प्रत्याशी घोषित करने पर प्रदेश के जिन जातिवादी दलों ने विरोध किया था उनके लिए यह नतीजा आईना है।
तस्वीरों में देखें-रामनाथ कोविंद के निर्वाचन पर उत्साह की हिलोरें