अनुराधा चौधरी के शामिल होने पर यूपी भाजपा में रोष
राष्ट्रीय लोकदल के बाद समाजवादी पार्टी में रहीं पूर्व मंत्री अनुराधा चौधरी का भाजपा में शामिल होना उत्तर प्रदेश के नेताओं को हजम नहीं हो पाया। उनके भाजपा में शामिल होने से नाराज कार्यकर्ताओं ने एतराज दर्ज कराते हुए कहा है कि इससे संगठन में गुटबाजी को बढ़ावा मिलेगा।
लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल के बाद समाजवादी पार्टी में रहीं पूर्व मंत्री अनुराधा चौधरी का भाजपा में शामिल होना उत्तर प्रदेश के नेताओं को हजम नहीं हो पाया। उनके भाजपा में शामिल होने से नाराज कार्यकर्ताओं ने एतराज दर्ज कराते हुए कहा है कि इससे संगठन में गुटबाजी को बढ़ावा मिलेगा।
कभी रालोद में प्रभावशाली नेता रही अनुराधा चौधरी का समाजवादी पार्टी को छोड़ कर भाजपा में शामिल होने पर आपत्ति जताते हुए पश्चिम उत्तर प्रदेश के एक पूर्व विधायक का कहना है कि प्रदेश नेतृत्व को भी विश्वास में ले लेना चाहिए था क्योंकि अनुराधा चौधरी का उत्तर प्रदेश से लम्बा सियासी नाता रहा है। प्रदेश में उनका कोई जनाधार नहीं है, इसी कारण रालोद से अलग होने के बाद उनको कोई ठिकाना नहीं मिला। लम्बे समय से भाजपा में आने की जुगत में लगी अनुराधा चौधरी की एंट्री प्रदेशीय नेतृत्व के अड़ंगे से अटकी थी। खासकर पार्टी के जाट नेताओं का एक खेमा विरोध में खुलकर लगा था।
सूत्रों का कहना है एक केंद्रीय मंत्री के सहयोग से दिल्ली प्रदेश में जिस तरह से अनुराधा चौधरी को भाजपा में शामिल किया गया, उससे उत्तर प्रदेश की भाजपा की आंतरिक राजनीति भी देर सबेर प्रभावित होगी।