दीनदयाल सुजलाम योजना में संवरेगी नदियां : उमा
लखनऊ। एकात्म मानववाद के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर रविवार को दो और योजनाओं क
लखनऊ। एकात्म मानववाद के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर रविवार को दो और योजनाओं का एलान किया गया। कार्यक्रम में जल संसाधन और नदी विकास मंत्री उमा भारती ने कहा कि नदियों के विकास के लिए दीनदयाल सुजलाम योजना शुरू होगी। इसके साथ ही उन्होंने दीनदयाल कौशल विकास योजना की भी घोषणा की।
मथुरा के दीनदयाल धाम में रविवार को आयोजित जनसभा को केंद्रीय ग्रामीण विकास व भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को शामिल होना था। उनके स्थान पर जल संसाधन एवं नदी विकास मंत्री उमा भारती कार्यक्रम में शामिल हुई। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय विचार को केंद्र सरकार देश के समग्र विकास में लगाएगी। नदियों की शुद्धता के लिए दीनदयाल सुजलाम योजना की घोषणा की। इसमें पहले यमुना और गंगा को शुद्ध किया जाएगा। उमा भारती ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से जो कौशल विकास योजना चलाने की घोषणा की थी, वह पं. दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर पूरे देश में चलेगी। कम एंड मेक इंडिया के नारे को हर नौजवान पूरा कर सकेगा, भले ही वह पढ़ा-लिखा न हो। मैन्यूफैक्चरिंग में नौजवान की भी भूमिका हो, इसलिए उसकी रुचि के हिसाब से उसे प्रशिक्षित किया जाएगा। केंद्रीय जल संसाधन मंत्री ने बताया कि दीनदयाल उपाध्याय के जन्म महोत्सव के मौके पर प्रधानमंत्री ने सभी मंत्रालयों को अपनी योजनाएं बनाने और उन्हें कमेटी के समक्ष रखने के आदेश किए थे। यह उनका सौभाग्य है कि पंडित दीनदयाल की जन्मस्थली से इन योजनाओं का एलान कर रही हैं।
उमा भारती ने सांसद हेमा मालिनी की तारीफ करते हुए कहा कि यमुना प्रदूषण पर उन्होंने बेहद मार्मिक पत्र प्रधानमंत्री को लिखा था। उन्होंने नगला चंद्रभान को आदर्श ग्राम चुनने के लिए सांसद हेमा से अपील की। फरह को आदर्श ब्लॉक घोषित कराने के लिए नितिन गडकरी से पैरवी का वायदा भी किया।
कार्यक्रम में सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि जनपद की पंद्रह सड़कों पर जल्द काम शुरू होने वाला है। उन्होंने अगले महीने से सफाई अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। वह जनपद में एक मेडिकल कॉलेज खोले जाने के लिए प्रयास कर रही हैं। सांसद ने कहा कि राष्ट्रीय गोकुल ग्राम योजना और जनपद को आध्यात्मिक व सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित कराने के लिए भी प्रयास कर रही हैं।
गंगा प्राधिकरण की उपाध्यक्ष बनी उमा
केंद्रीय जल संसाधन मंत्री एवं नदी विकास मंत्री गंगा रिवर बेसिन अथॉरिटी की उपाध्यक्ष बनाई गई हैं। उमा ने बताया कि गंगा रिवर बेसिन अथॉरिटी में यमुना भी शामिल है।