छिटपुट बारिश के बीच वज्रपात ने ली सात लोगों की जान
उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में छिटपुट बारिश के बीच बिजली (वज्रपात) गिरने से सात लोगों की मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हो गए।
लखनऊ (जेएनएन)। प्रचंड गर्मी से झुलसते प्रदेश में प्री-मानसून बारिश के बाद से ही बढ़ी उमस भरी गर्मी के तेवर लगातार तख्त होते जा रहे हैं। हालांकि रविवार को विभिन्न जिलों में छिटपुट बारिश के बीच बिजली (वज्रपात) गिरने से सात लोगों की मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हो गए। कई स्थानों में चुभती तेज धूप के बीच हवा थमने पर गर्मी और उमस से दम घुटने जैसा अहसास हो रहा है। राजधानी लखनऊ के आसपास के जिलों में बादल छाए रहे। छिटपुट बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से सुलतानपुर में तीन, अमेठी में दो की मौत और एक गंभीर है। रायबरेली में दो लोगों की मौत हो गई और तीन झुलस गए। बलरामपुर, लखीमपुर, फैजाबाद, बाराबंकी, बहराइच, सीतापुर में बादल छाए रहे और उमसभरी गर्मी से लोग बिलबिलाते रहे।
यह भी पढ़ें: 100 Days: योगी सरकार के एंटी रोमियो स्क्वाड की 'छुट्टी', देखें एक जिले की रिपोर्ट
वाराणसी समेत पूर्वांचल के अन्य जिलों में कुछेक जगहों पर बादलों की आवाजाही के बीच बूंदाबांदी हुई। इस दौरान उमस बढऩे से लोग पसीने से तरबतर रहे। वहीं सर्वाधिक तापमान 39 डिग्री तापमान जौनपुर जिले में दर्ज किया गया। पूर्वांचल के अन्य जिलों में भी अधिकतम पारा 35 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। प्रतापगढ़ में रविवार को सुबह से तेज धूप के बीच दोपहर एक बजे आसमान में बादल छा गए और बरसात हुई। अधिकतम तापममान 27.4 व न्यूनतम 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इलाहाबाद में सूरज के तेज से मानसूनी हवाएं कमजोर पड़ गई हैं। इस कारण रविवार को दिनभर पुरवइया के जोर व बादलों के घेरेबंदी के बाद भी बारिश नहीं हो सकी। अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री और न्यूनतम 33.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले तक होने लगी मानसून की दस्तक
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में बेहद उमस रही। सुबह में तेज धूप तो दोपहर में हल्के बादल घिरे। हवा ठहरने से चुभन भरी गर्मी रही। सम्भल, अमरोहा और रामपुर में तल्ख धूप ने झुलसाए रखा। हालांकि कुछ स्थानों में बादलों की आवाजाही रही पर गर्मी से कहीं भी राहत नहीं रही। आगरा में तेज धूप के बीच दोपहर में बूंदाबांदी हुई, जिससे उमस और बढ़ गई। मथुरा, फीरोजाबाद, मैनपुरी, एटा और कासगंज में बारिश तो नहीं हुई पर गर्मी से सब बेहाल रहे। अलीगढ़ में उमसभरी गर्मी ने बेहाल किया। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।