योग के समर्थन पर मुस्लिम महासंघ के अध्यक्ष को धमकी
शनिवार दोपहर करीब 12 बजे उनकी पत्नी बच्चों के साथ बाजार से लौट रही थीं। रास्ते में बाइक सवार कुछ लोगों ने उनकी पत्नी को घेर लिया। गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
रामपुर (जेएनएन)। योग का समर्थन करने पर मुस्लिम महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष फरहत खां और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी मिली है। पत्नी को रास्ते में रोककर बाइक सवार लोगों ने धमकी देते हुए योग से दूर रहने की बात कही है। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने अभद्र भाषा के साथ उनकी कड़ी आलोचना भी की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
मुस्लिम महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उनकी पत्नी मारिया फरहत खान ने 15 जून को प्रेसवार्ता की थी। इसमें 21 जून को विश्व योग दिवस पर हजारों मुसलमानों के योग किए जाने की जानकारी दी गई। इनका योग का खुला समर्थन करना कुछ लोगों को रास नहीं आया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 12 बजे उनकी पत्नी बच्चों के साथ बाजार से लौट रही थीं। रास्ते में बाइक सवार कुछ लोगों ने उनकी पत्नी को घेर लिया। गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके अलावा फेसबुक पर भी अभद्र भाषा में टिप्पणी की। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।