दूसरी शादी करने जा रहे पति को पत्नी ने सिखाया सबक
दूसरी शादी करने जा रहे पति को पत्नी ने सिखाया सबक
लखनऊ। आजमगढ़ में दूसरी शादी करने जा रहे दूल्हे को परिजनों के साथ सलाखों तक जाने की नौबत आ पहुंची। पुलिस को लेकर शादी समारोह में पहली पत्नी पहुंच गई तो दुल्हन ने भी शादी से इनकार कर दिया। रंग में भंग पड़ चुका था। मौके की नजाकत को भांपते हुए अधिकतर बराती नौ दो ग्यारह हो लिये।
अंबेडकर नगर जिले के बिशुनपुर निवासी दिनेश रामफेर के तीन बेटों में सबसे बड़ा है। बेहद गरीब परिवार किसी तरह मजदूरी आदि करके परिवार का जीविका चलाता है। दिनेश की शादी कई साल पहले कप्तानगंज थाने के सिहोरा बेनीगौरा निवासी धीरगु की बेटी संगीता से हुई थी। कुछ दिन तो सब कुछ ठीक-ठाक चला लेकिन फिर दोनों में अनबन हो गई। ऐसे में संगीता मायके आकर रह रही थी। दोनों में बात नहीं बनी तो परिवार वालों ने कंधरापुर थाने के अनवरगंज महराजपुर में दिनेश का रिश्ता तय कर दिया। नियत तिथि पर 27 मई को धूमधाम से बरात पहुंची। आवभगत के साथ ही द्वारचार की तैयारी चल रही थी। गाजे-बाजे के साथ नाचते-गाते बराती द्वार तक पहुंच गए थे। इसी बीच पुलिस के साथ पहली पत्नी संगीता को देखते ही लड़के वालों के होश उड़ गए। मामला समझते ही लड़की ने शादी से इनकार कर दिया। इधर, पुलिस देख तमाम बराती मौके से खिसक लिए। हंसी-खुशी काफूर हो चुकी थी। खाने-पीने का सजा सामान बिखर सा गया। पुलिस ने दूल्हे के साथ ही उनके सगे संबंधियों को थाने पर बुलाया। यहां पंचायत में दोनों पक्ष दान के दिए नकद व सामान वापस करने के निर्णय पर सहमत हो गए। उधर, दूसरे दिन गुरुवार को पहली पत्नी का मामला उलझा रहा। हालांकि लड़के वालों ने लड़की से संबंध विच्छेद की सहमति वाला स्टांप दिखलाया लेकिन पुलिस इसे मानने को तैयार न थी। बाद में सभी को हिदायत के साथ छोड़ दिया गया।