'स्वार्थी हैं असहिष्णुता का षडयंत्र रचने वाले' : अरुण सिंह
मुल्क में असहिष्णुता को हवा देने वाले नेताओं और अभिनेता आमिर खान को भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने स्वार्थी करार दिया। देश में शांति और सौहार्द का वातावरण है। मोदी विरोधी तत्व एक षडयंत्र के तहत असहिष्णुता का कुप्रचार कर रहे हैं।
लखनऊ। मुल्क में असहिष्णुता को हवा देने वाले नेताओं और अभिनेता आमिर खान को भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने स्वार्थी करार दिया। देश में शांति और सौहार्द का वातावरण है। मोदी विरोधी तत्व एक षडयंत्र के तहत असहिष्णुता का कुप्रचार कर रहे हैं। ऐसे लोगों को भारत की चिंता नहीं है। अरुण सिंह शुक्रवार को एक स्कूल के नेशनल स्पोट्र्स मीट में शिरकत करने पहुंचे थे। इस दौरान पत्रकारों से उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से संगठन चुनाव के साथ ही प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारी भी की जा रही है। प्रदेश में कुशासन बनाम सुशासन के मुद्दे पर चुनाव लड़ा जाएगा। यहां लोगों में सरकार के खिलाफ गुस्सा है। हालांकि प्रदेश में एनडीए के चेहरे के बारे में उन्होंने सीधे कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि एक राज्य के चुनाव का प्रभाव दूसरे राज्य के चुनाव पर नहीं पड़ता है। बिहार में नीतीश की सरकार एनडीए के साथ ही थी। वहां लोगों में नीतीश के खिलाफ गुस्सा नहीं था, लेकिन उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के कार्यकाल में दो 'सी' अर्थात करप्शन व क्राइम, हमेशा टॉप पर रहते हैं। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर चुटकी लेते हुए अरुण सिंह ने कहा कि राहुल बाबा तथ्य से अंजान रहते हैं, इसलिए कुछ भी बोल जाते हैं। जीएसटी देशहित में है और उसे पास होना चाहिए।