जमानत मिलने के बाद और बढ़ीं गायत्री प्रसाद प्रजापति की मुश्किलें
गायत्री प्रजापति को महिला से गैंगरेप और उसी महिला की नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ के आरोपों के मामले में परसों लखनऊ हाईकोर्ट की पाक्सो अदालत ने जमानत दे दी थी।
लखनऊ (जेएनएन)। अखिलेश यादव सरकार में बड़े ओहदे वाले मंत्री रहे गायत्री प्रसाद प्रजापति की मुश्किलें पाक्सो कोर्ट से जमानत मिलने के बाद और बढ़ गई हैं। कल जमानत पर रिहा होने के बाद तीन अन्य मामलों में प्रजापति को न्यायिक रिमांड पर फिर जेल भेजा गया।
गायत्री प्रजापति को महिला से गैंगरेप और उसी महिला की नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ के आरोपों के मामले में परसों लखनऊ हाईकोर्ट की पाक्सो अदालत ने जमानत दे दी थी। जिसके बाद गायत्री प्रजापति कल जेल से हो गए थे। वहीं जमानत मिलने के बाद भी गायत्री की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। गायत्री प्रजापति पर तीन अन्य मामलों में यूपी पुलिस को रिमांड मिल गयी है। सपा नेता पर पीडि़त पक्ष को डराये-धमकाये जाने का भी मामला चल रहा है। जिसमें जान से मारने की धमकी भी दी गयी थी। जिसके चलते गायत्री प्रजापति को दो मामलों में 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। एक अन्य मामले में सुनवाई तीन बजे से होगी।
सक्षम अदालत जाएगी उत्तर प्रदेश पुलिस
गायत्री प्रजापति की जमानत को कैंसिल करने की अर्जी को लेकर यूपी पुलिस सक्षम अदालत जाएगी। साथ ही यूपी पुलिस गायत्री प्रजापति को जमानत मिलने के तथ्यों की भी जांच कराएगी। गायत्री मामले की निगरानी अब यूपी पुलिस के बड़े अफसरों ने शुरू कर दी है।
तीन मामलों में कराई पेशी
1-आईजी अमिताभ ठाकुर की पत्नी ऐक्टिविस्ट नूतन ठाकुर ने 20 जून, 2015 को गायत्री, महिला आयोग की अध्यक्ष जरीना उस्मानी समेत कई के खिलाफ गोमतीनगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। बुधवार को विवेचक क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर विनोद शर्मा ने सीजेएम संध्या श्रीवास्तव की कोर्ट के सामने आख्या पेश की। कोर्ट ने गायत्री को 10 मई तक की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
2-मेरठ के सपा नेता राकेश प्रजापति ने 21 मार्च, 2017 को गायत्री व उसके साथियों के खिलाफ लेखपाल की नौकरी दिलाने के नाम पर छह लाख रुपये लेने और रकम वापस मांगने पर मारपीट के आरोप में गौतमपल्ली थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। लखनऊ पुलिस की पैरवी पर कोर्ट ने इस मामले में भी गायत्री को नौ मई तक न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
3-गायत्री और उसके साथियों के खिलाफ दर्ज यह मामला गैंगरेप पीड़िता की तरफ से दर्ज कराया गया है। इसमें पीड़िता ने गायत्री और उसके साथियों पर फन मॉल के सामने से उसे किडनैप करने का आरोप लगाया था। इस मामले में भी गायत्री की कोर्ट में पेशी हुई। इस पर 28 अप्रैल को सुनवाई होगी।