खुर्जा में फिर सांप्रदायिक तनाव
चीनी मिट्टी के बर्तनों की खनक के लिए विख्यात बुलंदशहर के खुर्जा में एक हफ्ते में दो बार सांप्रदायिक तनाव से अब गोलियों की गूंज सुनाई दे रही है। पत्थरबाजी से यहां के लागे काफी सहमे से हैं। बुलंदशहर के खुर्जा में कल देर रात एक बार फिर दो संप्रदाय के
लखनऊ। चीनी मिट्टी के बर्तनों की खनक के लिए विख्यात बुलंदशहर के खुर्जा में एक हफ्ते में दो बार सांप्रदायिक तनाव से अब गोलियों की गूंज सुनाई दे रही है। पत्थरबाजी से यहां के लागे काफी सहमे से हैं।
बुलंदशहर के खुर्जा में कल देर रात एक बार फिर दो संप्रदाय के लोग आमने-सामने आ गए। रात में मस्जिद बनाने की मंशा से चंद्रलोक कालोनी में एक मजार की साफ-सफाई करने को लेकर विवाद हुआ। इस मजार की चारदिवारी को लेकर कुछ दिन पहले भी विवाद हो चुका है, जिस पर प्रशासन ने यथास्थिति बरकरार रखने का आदेश दिया था। पुलिस के साथ प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचे और मामले को संभाला।
कोतवाली क्षेत्र की चंद्रलोक कालोनी में मजार है। अल्पसंख्यक समुदाय के लोग इस पर मस्जिद बनाना चाहते हैं, जबकि बहुसंख्यक समुदाय के लोग ऐसा नहीं चाहते। मजार की चारदिवारी कराने को लेकर कुछ दिन पहले विवाद हुआ था। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने यथास्थिति बरकरार रखने का आदेश दिया था। कल देर रात अल्पसंख्यक समुदाय के कुछ लोग इस मजार की सफाई करने लगे, जिसका बहुसंख्यक समुदाय के लोगों ने विरोध किया। दोनों तरफ के लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। इससे एक बार फिर कस्बे में सांप्रदायिक तनाव फैल गया। इसकी जानकारी पर एसपी देहात पंकज पांडेय व एसडीएम इंदूप्रकाश सिंह मय फोर्स के मौके पर पहुंचे। दोनों समुदायों को समझाकर मामला शांत कराया। फिलहाल मोहल्ले में पुलिस तैनात कर दी गई है। आज सुबह शांति समिति की बैठक की गई, जिसमें दोनों संप्रदाय के लोगों के साथ एडीएम वित्त विशाल सिंह, एसपी देहात पंकज पांडेय, एसडीएम इंदू प्रकाश सिंह, सीओ आरएल निरंजन व चेयरमैन हाजी रफीक आदि शामिल हुए। इसमें यथास्थिति बरकरार रखने पर सहमति बनी।