शिवपाल के बेटे से होगी आजमगढ़ की बिटिया की शादी
सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव का आजमगढ़ से अब तक दिल का नाता ही समझा जा रहा था। अब यह रिश्ते में तब्दील हो रहा है। सपा मुखिया के घर मार्च महीने में शहनाई गूंजेगी। आदित्य यादव और राज्यलक्ष्मी परिणय सूत्र में बंधेंगे।
लखनऊ। सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव का आजमगढ़ से अब तक दिल का नाता ही समझा जा रहा था। अब यह रिश्ते में तब्दील हो रहा है। उनके छोटे भाई शिवपाल सिंह यादव के पुत्र आदित्य यादव की शादी लालगंज के सलेमपुर के प्रतिष्ठित परिवार संजय सिंह की पुत्री राजलक्ष्मी से तय होने के बाद पूरे जिले में बधाइयों व सोहर गाने का माहौल है। सलेमपुर में लोग फूले नहीं समा रहे हैं। आदित्य यूपी कोऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष हैं जबकि राजलक्ष्मी लखनऊ से रहकर पढ़ाई कर रही हैं।
लखनऊ में रहता संजय का परिवार
माता कमला सिंह, पत्नी शारदा, बेटे रुद्राक्ष, बेटी राजलक्ष्मी व राजेश्वरी के साथ संजय सिंह लखनऊ स्थित गोमती नगर में रहकर कंस्ट्रक्शन का काम करते हैं। सलेमपुर में खेतीबारी का काम उनके एक नजदीकी रिश्तेदार देखते हैं।
कांग्रेस से एमएलसी थे संजय के पिता
संजय सिंह आजमगढ़ के एक राजनीतिक परिवार से जुड़े हुए हैं। उनके पिता स्वर्गीय सत्यनारायण सिंह वर्ष 1976 से 1982 तक कांग्रेस से एमएलसी भी रहे।
सगाई 17 व शादी होगी 10 मार्च को
सगाई 17 फरवरी को है। शादी सैफई में ही 10 मार्च को होगी, जबकि रिसेप्शन लखनऊ के ताज होटल में होगा। शादी को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। लखनऊ से दिल्ली और मुंबई तक खरीदारी की जा रही है।