लौट आई 'तमंचे वाली प्रेमिका अब जेवरों को लेकर फंसा पेंच
अशोक के पिता व जिस लड़की से अशोक की शादी हो रही थी, उसके परिवारीजन के बीच जेवरों को लेकर विवाद गहरा गया। दोनों पक्षों में समझौता नहीं हो सका है।
हमीरपुर (जेएनएन)। 'तमंचे वाली प्रेमिका घर वापस लौट आई। उसके माता-पिता मौदहा कोतवाली पहुंचे। वहां अशोक ने पुलिस के सामने लिखकर दिया कि हिरासत से छूटने के बाद वह प्रेमिका से कोर्ट मैरिज करेगा। इस पत्र को साथ लेकर युवती के माता-पिता घर चले गए। इधर अशोक के पिता व जिस लड़की से अशोक की शादी हो रही थी, उसके परिवारीजन के बीच विवाद गहरा गया। दोनों पक्षों में समझौता नहीं हो सका है।
इस एपीसोड में नया मोड़ आ चुका है। रविवार को पुलिस हिरासत के बाद युवती अचानक लापता हो गई। परिवारीजन ने जब पुलिस पर आरोप लगाना शुरू किया तो युवती देर रात अपने दोस्त के घर पहुंच गई। सोमवार को युवती के माता-पिता कोतवाली पहुंचे। वहां पर मौजूद अशोक ने पुलिस के सामने पत्र लिखकर कहा कि वह कोतवाली से छूटने के बाद युवती से कोर्ट मैरिज कर उसे अपने साथ ही रखेगा। अशोक के इस पत्र को लेकर युवती के परिवारीजन वापस बांदा चले गए।
कोतवाली प्रभारी मौदहा अनिल कुमार सिहं के मुताबिक दोनों परिवारों के बीच समझौते को लेकर बात चल रही है। दोनों पक्षों के लोग मानने को तैयार नहीं हैं यदि समझौता नहीं हुआ तो दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जेवर को लेकर फंसा पेंच
अशोक की जिस लड़की से शादी हो रही थी, उसके पिता ने शादी में साढ़े तीन लाख रुपये खर्च होने की बात कही। उधर, अशोक के पिता साढ़े तीन लाख रुपये देने को तो तैयार हैं लेकिन चढ़ावे में उन्होंने जो जेवर दुल्हन को दिए थे, उसे वापस करने की बात पर अड़े हैं। दुल्हन के पिता का आरोप है कि अशोक के परिवारीजन ने चढ़ावा में कोई भी जेवर ही नहीं दिया। वहीं अशोक के परिवारीजन ने कहा कि चढ़ावा के दौरान वीडियोग्राफी हो रही थी। इसमें सभी साक्ष्य मौजूद हैं। उन्होंने चढ़ावा चढ़ाने के बाद दुल्हन को पूरे जेवर दिए थे। सोमवार को भी दोनों पक्षों के बीच कोई भी फैसला नहीं हो सका।
अशोक के पिता भी दर्ज करा सकते मुकदमा
अशोक के पिता ने कहा कि वह शादी का खर्च देने को तैयार हैं। इससे पहले उनकी ओर से दुल्हन को चढ़ावा में दिए गए जेवर वापस किए जाए। उन्होंने कहा कि अगर जेवर वापस नहीं किए जाते तो वह दुल्हन के पिता पर मुकदमा दर्ज कराएंगे।