राज्यपाल रामनाईक ने की जन-धन योजना की तारीफ
भारतीय अर्थव्यवस्था में वित्तीय प्रबंधन की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए राज्यपाल राम नाईक ने प्रधानमंत्री जन धन योजना की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि घर में रखा धन बैंक में जमा होने से देश की अर्थ व्यवस्था मजबूत होगी।
लखनऊ। भारतीय अर्थव्यवस्था में वित्तीय प्रबंधन की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए राज्यपाल राम नाईक ने प्रधानमंत्री जन धन योजना की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि घर में रखा धन बैंक में जमा होने से देश की अर्थ व्यवस्था मजबूत होगी।
राज्यपाल ने यह विचार आज राजभवन में कानपुर के छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय कुलपति, प्रोफेसर जेवी वैश्म्पायन की पुस्तक 'फाइनेंशियल मैनेजमेन्ट ' का विमोचन करते हुए व्यक्त किए। वैश्म्पयान इससे पूर्व आठ पुस्तकें अलग-अलग विषय पर लिख चुके हैं। राज्यपाल ने कहा कि यह कार्यक्रम उनके लिए विशेष महत्व रखता है क्योंकि किसी कुलपति की पुस्तक का विमोचन कुलाधिपति द्वारा किए जाने का यह पहला अवसर है।
राम नाईक ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था विकसित हो रही है। आज वित्तीय नीतियां पूर्ण आर्थिक सुधार प्रक्रिया केंद्र बिंदु बन चुकी हैं। भारत को 2025 तक विकसित देश बनाने के संकल्प को साकार करने के लिए तथा आर्थिक प्रगति के लिए वित्तीय व प्रशासनिक सुधार आवश्यक है। वित्तीय प्रबन्धन को सफल बनाने के लिए हमें सुनिश्चित करना होगा किसी भी परियोजना को पूरा करने के लिये कॉस्ट-ओवररन व टाइम-ओवररन पर विशेष ध्यान दिया जाए।
पुस्तक केलेखक व छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के कुलपति प्रो. जेवी वैश्म्पायन ने कहा कि छात्रों की आवश्यकता को देखते हुए उन्हें नवीन दृष्टिकोण देने के लिए पाठ्य पुस्तक लिखी जानी चाहिए। तीन वर्ष पूर्व पुस्तक लिखने की शुरुआत की थी किन्तु प्रशासनिक दायित्व को पूरा करने के कारण विलंब हो गया। अपनी पुस्तक पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि वित्त एक साधन है उसका सर्वोत्तम प्रयोग कैसे हो इस दृष्टि से पुस्तक का विषय बहुत महत्वपूर्ण है। लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एसबी निम्से ने कहा कि अच्छा शिक्षक ही अच्छी पुस्तक लिख सकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पुस्तक छात्रों के बीच लोकप्रिय होगी।