Move to Jagran APP

किसानों के साथ न्याय नहीं कर रही केंद्र व राज्य सरकार : राहुल गांधी

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आज सहारनपुर में किसान यात्रा के दौरान केंद्र के साथ राज्य सरकार पर भी तीर छोड़े। राहुल गांधी ने नुक्कड़ सभा के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सभी वादे झूठे साबित हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश सरकार भी किसान व मजदूरों के शोषण

By Dharmendra PandeyEdited By: Published: Mon, 23 Nov 2015 10:15 AM (IST)Updated: Mon, 23 Nov 2015 05:31 PM (IST)
किसानों के साथ न्याय नहीं कर रही केंद्र व राज्य सरकार : राहुल गांधी

लखनऊ। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आज सहारनपुर में छह किमी की किसान यात्रा के दौरान केंद्र के साथ राज्य सरकार पर भी तीर छोड़े। राहुल गांधी ने नुक्कड़ सभा के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सभी वादे झूठे साबित हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश सरकार भी किसान व मजदूरों के शोषण में लगी है।

prime article banner

राहुल गांधी सहारनपुर के सरसावा क्षेत्र में पदयात्रा करते हुए ग्रामीणों खासकर किसानों से सीधे रूबरू हुए और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर फिर जमकर हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी जी ने कहा था मैं हिंदुस्तान को बदल दूंगा, उनका नारा था, 'अच्छे दिन आएंगे' मोदी जी कभी लंदन जाते हैं, तो कभी मलेशिया, अमेरिका जाते हैं। जब हम आज कहते हैं अच्छे दिन आएंगे, तो लोग हंसते हैं, पूरा हिंदुस्तान हंसता है।

उन्होंने कहा जब मोदी जी जहाज से इंग्लैंड जा रहे हैं, राहुल गांधी आपके बीच आया है अखिलेश जी ने कहा था कि मैं प्रदेश को बदलूंगा, मैं उनसे कहना चाहता हूं, आपके पास डेढ़ वर्ष है, बदलिए अखिलेश यादव जी को कहना चाहता हूं, आपने कहा था आप उत्तर प्रदेश को बदलेंगे, आप बदलिए, आपके पास समय है।

राहुल गांधी ने कहा कि हिंदुस्तान की सरकार सूट-बूट की सरकार नहीं चाहती। हिंदुस्तान की जनता मजदूरों और किसानों का सरकार चाहती है। उन्होंने कहा, मोदी ने अच्छे दिन लाने का वादा किया था। वे अपना वादा भूल गए। गरीबों, दलितों, किसानों, मजदूरों और आदिवासियों के लिए कांग्रेस अच्छे दिन लेकर आएगी। मोदी प्लेन से बाहर जा रहे हैं। मैं किसानों के बीच आया हूं।

कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने कहा कि उत्तर प्रदेश में गन्ना किसानों का हालत बहुत खराब है। उन्हें न्याय नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि कोर्ट के आदेश के बावजूद अब तक गन्ना किसानों के बकाये का पेमेंट नहीं किया गया है। इसके विरोध में राहुल गांधी सहारनपुर पहुंचे हैं। राजीव ने कहा कि राहुल गांधी जब से राजनीति में आए हैं, तब से किसानों के दर्द को उन्होंने समझा है। पहले भी उन्होंने किसानों का कर्जा माफ करवाया था। अब यूपी में किसानों को न्याय दिलाने के लिए पदयात्रा कर रहे हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस तो किसान व गरीबों का हिन्दुस्तान चाहती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार झूठे वादे कर देश को विदेशियों के हाथ में सौंपना चाहते हैं। राहुल गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजना पर काम कर रही है। इनको प्रदेश के गरीब व किसानों की बात बेकार लगती है। उत्तर प्रदेश का किसान दिन पर दिन कर्जदार होता जा रहा है। चीनी मिलों के मालिक गन्ना किसानों का भुगतान रोकने के बाद नई-नई मिले लगाते जा रहे है और किसान आत्महत्या पर मजबूर हो रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार को प्राथमिकता के आधार पर किसान तथा गरीब के बारे में कुछ करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में चीनी मिल बंद हैं। गन्ना की खरीद नहीं हो रही। किसानों का चारों ओर से शोषण हो रहा है। यहां पर किसानों के लिए बैंक के दरवाजे बंद है। उनको कर्ज नहीं मिल रहा है। पिछला बकाया मांगा जा रहा है और उत्तर प्रदेश सरकार दावा कर रही है कि किसानों का कर्ज माफ किया गया है। सरकार कह रही है कि हमने सिंचाई माफ कर दी है, लेकिन यहां तो नहरों में पानी ही नहीं है। लगातार सूखा झेल रहा किसान एक-एक पैसे को तरस रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर राहुल गांधी ने कहा कि गरीबों की कहानियां सुनाकर प्रधानमंत्री की कुर्सी पर पहुंचे मोदी अब गरीबों को भूल गये हैं। केंद्र से किसानों की किसी की योजना पर काम नहीं हो रहा है। मोदी के अच्छे दिन की बात झूठी है। उन्होंने कहा कि किसान कांग्रेस का साथ दें। किसानो ने पहले हमें समर्थन किया था तो हमने उनके लिए काम किया था। कांग्रेस अभी भी किसानों के साथ खड़ी है। हमने गरीबों को दुनिया का सबसे बड़ा रोजगार दिया। मनरेगा से उनको काफी लाभ मिला। लोग कुछ करने लायक बन सके। हमने किसानों का करीब 70 हजार करोड़ रुपया माफ कराया। उन्होंने मोदी के मेक इन इंडिया पर तंज करते हुए कहा कि इसका नाम होना चाहिए टेक इन इंडिया। राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार कुछ बना नहीं रही है बल्कि लोगों से उनकी चीज ले रही है। उन्होंने कहा जब से मोदी की सरकार आई है मजदूर और किसान के संकट बढ़ गए हैं। देश में कहीं सूखा और तो कहीं बाढ़। उन्होंने कहा कि आज वक्त की जरूरत है कि हल और हाथ की ताकत साथ आए।

रैली में पूर्व मंत्री राजीव शुक्ला, श्री प्रकाश जायसवाल, पीएल पूनिया, प्रदेश प्रभारी मधु सूदन मित्री, प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री, इमरान मसूद, पंकज मलिक आदि वरिष्ठ नेता मौजूद हैं।

माना जा रहा है पार्टी के उत्तर प्रदेश में मिशन-2017 के आगाज के लिए यह यात्रा उनकी पिछली किसान यात्रा भट्टा पारसौल की तर्ज पर है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने सरसावा के तिलकमी से पदयात्रा शुरु की है। पटनी तक होने वाली सात किलोमीटर की इस यात्रा में राहुल गांधी चौपाल लगाकर किसानों से संवाद भी कर रहे हैं। बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम से गदगद कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी की सहारनपुर में किसान पदयात्रा को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम अनुसार सुबह 10.30 बजे शुरु होना था। दिल्ली में कोहरे के कारण उनका हवाई जहाज नही उड़ सका। इस कारण वह निर्धारित समय से करीब सवा घंटे लेट सरसावा पहुंचे। आज जहां-जहां पर उनका कार्यक्रम है, वहां कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा है।

कांग्रेस को 2011 के भट्टा पारसौल आंदोलन की तरह फिर से पश्चिम उप्र की धरती ही पैर टिकाने के लिए मुफीद दिख रही है। कई राज्यों में किसान मजदूर संवाद पदयात्रा करने के बाद राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी आज सहारनपुर में सात किलोमीटर पदयात्रा कर कांग्रेस के मिशन-2017 का आगाज भी करेंगे। विधानसभा क्षेत्र नकुड़ के सरसावा ब्लाक में पिलखनी से गांव पटनी तक राहुल आधा दर्जन से अधिक नुक्कड़ सभाओं में शिकरत करके किसानों के मन की थाह लेंगे। भूमि अधिग्रहण के मसले पर भाजपा के बैकफुट पर आने के बाद राहुल पश्चिमी उत्तर प्रदेश से समर्थन की उम्मीद लगाएं है। वहीं गन्ना और धान किसानों की प्रदेश सरकार के खिलाफ बढ़ती नाराजगी को भुनाने की कोशिशें पदयात्रा के जरिए होंगी।

अकेले लडऩे को जमीन की तलाश

नोएडा में 21 को प्रमुख नेताओं की चिंतन बैठक में एकला चलो नीति अपनाने का सहमति बनी। पहले संगठन मजबूत करो, गठबंधन पर चर्चा बाद में-फार्मूले पर पश्चिमी उप्र में सियासी जमीन तैयार करने का फैसला किया गया। यूं भी लोकसभा और विधानसभा के गत चुनाव रालोद से मिलकर लडऩे का कांग्रेस लाभ न ले सकी। विधानमंडल दलनेता प्रदीप माथुर का कहना है कि सांप्रदायिकता की आंच में जल रहे पश्चिमी उप्र में केवल कांग्रेस ही सुकून की राह दिखा सकती है। अकेले दम पर चुनावों की तैयारी हो तो कामयाबी जरूर मिलेगी। प्रदेश उपाध्यक्ष हाजी युसूफ कुरैशी का दावा है कि मुजफ्फरनगर व बिसाहड़ा कांड के बाद सांप्रदायिक ताकतें कुछ कमजोर पड़ी है। मुसलमानों का एक बड़ा तबका कांग्रेस की वापसी चाहता है। राहुल गांधी की सक्रियता से पश्विम उत्तर प्रदेश के मुस्लिमों का कांग्रेस पर भरोसा लौटेगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.