नवरात्र और दीपावली की शुभकामनाओं वाली कांग्रेस की होर्डिंग पर मचा बवाल
नवरात्र और दीपावली की शुभकामनाओं के लिए रायबरेली के लालगंज में लगी कांग्रेस की होर्डिंग से बवाल मच गया है। हालांकि विवाद बढ़ता देख देर शाम होर्डिंग उतार दी गई।
रायबरेली (जेएनएन)। नवरात्र और दीपावली की शुभकामनाओं के लिए रायबरेली के लालगंज में लगी कांग्रेस की होर्डिंग से बवाल मच गया है। हालांकि विवाद बढ़ता देख देर शाम होर्डिंग उतार दी गई। होर्डिंग में ऊपर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी व प्रियंका गांधी की तस्वीरें हैं। इनके ठीक नीचे सीमित जगह पर मां दुर्गा की फोटो लगाई गई है। दायें तरफ सांसद प्रतिनिधि केएल शर्मा की तस्वीर है।
एबीवीपी ने लखनऊ में कुछ इस तरह से किया राहुल गांधी का स्वागत
गांधी परिवार के पैरों के पास मां दुर्गा की फोटो लगी होने से नाराज भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप यादव ने कहा कि हिंदू भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया गया है। पूर्व मंत्री गिरीश नारायण पांडे ने इसे घृणित कार्य बताया है। भाजपा नेताओं ने कहा कि यदि होर्डिंग लगवाने वालों पर पार्टी कार्रवाई नहीं करती तो भाजपा आंदोलन छेड़ेगी। दूसरी ओर होर्डिंग लगवाने वाले कांग्रेसी नेता रवींद्र सिंह ने बताया कि प्रिंटिंग प्रेस में मानवीय भूल के चलते ऐसा हो गया। उनका उद्देश्य कतई किसी की भी भावनाओं को ठेस पहुंचाने का नहीं था। कांग्रेस प्रवक्ता विनय द्विवेदी ने कहा कि होर्डिंग कांग्रेसी नेता द्वारा लगाने की जानकारी नहीं है। अगर ऐसा कुछ हुआ होगा, उसका सुधार किया जाएगा।