आजम के गढ़ रामपुर में मुस्लिम महिलाओं ने भी किया योग
आजम खान के घर रामपुर में कई मुस्लिम महिलाओं ने भी योग दिवस में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। मुख्य कार्यक्रम फिजिकल कालेज मैदान में हुआ।
लखनऊ (जेएनएन)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आजम खान के घर रामपुर में कई मुस्लिम महिलाओं ने भी योग दिवस में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। मुख्य कार्यक्रम फिजिकल कालेज मैदान में हुआ।अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर बीते एक पखबाड़े से तैयारियां चल रही थीं। मुख्य आयोजन जिला प्रशासन की ओर से करना था, जिसके लिए डीएम शिव सहाय अवस्थी ने चार टीमें गठित की थीं। कई दिन से योगाभ्यास जारी था।
आज सुबह अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर दिन निकलते ही साधक योग के लिए निकल पड़े। सुबह साढ़े छह बजते ही योग शुरू हो गया। फिजिकल कालेज मैदान, किला मैदान, सीआरपीएफ, जिला जेल, पुलिस लाइन, रोशन बाग मैदान में योग करने वालों की भीड़ उमड़ी। इनमें मुस्लिमों ने भी बढ़कर हिस्सा लिया। रोशन बाग में मुस्लिम महासंघ के अध्यक्ष फरहत खाँ के नेतृत्व में योग हुआ।
इसके पहले लखनऊ में प्रधानमंत्री मोदी ने सैकड़ों की संख्या में आम जनता के साथ रमाबाई मैदान में योग किया। पीएम मोदी ने करीब 45 मिनट तक योगाभ्यास किया। इस दौरान पीएम ने 25 आसन किये। पीएम मोदी के अलावा राज्यपाल राम नाईक, सीएम योगी, डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा और केशव मौर्या भी मौजूद रहे।