अनुप्रिया को बड़ी बहन की क्षमता पर संदेह
लखनऊ (राज्य ब्यूरो)। अपना दल की राष्ट्रीय महासचिव तथा मिर्जापुर से सांसद अनुप्रिया पटेल को अपनी बड़ी ब
लखनऊ (राज्य ब्यूरो)। अपना दल की राष्ट्रीय महासचिव तथा मिर्जापुर से सांसद अनुप्रिया पटेल को अपनी बड़ी बहन पल्लवी की राजनीतिक क्षमता पर संदेह है। अनुप्रिया उनको पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर नहीं देखना चाहती हैं।
अपना दल के कुनबे में मचा घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोनीत की गई बड़ी पहन पल्लवी पटेल का मनोनयन रद कराने वाली अपना दल की राष्ट्रीय महासचिव व सांसद अनुप्रिया पटेल ने कहा कि पल्लवी को राजनीतिक अनुभव नहीं है। वहीं उनकी मां व पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल को उपाध्यक्ष पद सृजित करने का कोई अधिकार नहीं है। अनुप्रिया ने कल लखनऊ में यह भी कहा कि संगठन नियमों से चलता है, किसी की व्यक्तिगत इच्छा से नहीं।
पार्टी में उपाध्यक्ष पद पर मनोनयन को रार पर अनुप्रिया ने पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में प्रेस वार्ता कर सफाई दी। उन्होंने कहा कि पार्टी और परिवार दोनों अलग इकाइयां हैं लेकिन कुछ लोग दोनों को अलग-अलग कर नहीं देख पा रहे हैं। मां-बेटी व बहन-बहन के बीच कोई मतभेद नहीं है। यदि त्रुटिवश उनकी मां से पार्टी के संविधान का उल्लंघन हो गया है तो उसका सुधार करना जरूरी है। कोई भी संगठन अपने संविधान के नियमों से संचालित होता है। अपना दल के संविधान में उपाध्यक्ष का कोई पद सृजित नहीं है। इसी वजह से बीती 20 अक्टूबर को पार्टी की राष्ट्रीय व प्रांतीय कार्यसमिति तथा सभी मंडल व जिला अध्यक्षों की बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर उपाध्यक्ष पद पर मनोनयन को रद किया गया। इस मकसद से कि पहले पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन के माध्यम से संविधान में संशोधन कर उपाध्यक्ष पद सृजित करने के बाद ही उस पर किसी का मनोनयन किया जाए। यह पूछने पर कि राष्ट्रीय अधिवेशन में उपाध्यक्ष पद सृजित किया जाएगा या नहीं, उन्होंने कहा कि यह पार्टी की जरूरत के मुताबिक तय किया जाएगा।