मीडिया को नहीं दिखता हमारी सरकार का अच्छा काम : अखिलेश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज लखनऊ में सौ नगरीय स्थास्थ्य केंद्रों का शुभारं
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज लखनऊ में सौ नगरीय स्थास्थ्य केंद्रों का शुभारंभ किया। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान गोमती नगर में आयोजित इस समारोह में भी उनके निशाने पर मीडिया ही रहा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मीडिया हमारी छोटी-छोटी से गलती को काफी बड़ा करके पेश करता है जबकि हमारे अच्छे कार्य उनको छोटे नजर आते हैं।
उन्होंने उदाहरण दिया कि बदायूं कांड मीडिया के कारण ही यूनाइटेड नेशंस तक पहुंच गया जबकि अब हकीकत सामने आ गई है। इस मामले में मीडिया ने हमारी सरकार को बहुत बदनाम किया। बदायूं के मामले में मीडिया ने गलत प्रचार किया।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार तो लगातार विकास के काम कर रही है। हम तो केंद्र सरकार से भी लगातार अपील करते हैं कि हमको अपेक्षित सहयोग दें। हमने अपनी वरीयता वाली सभी योजनाओं को पटरी पर ला दिया है। प्रदेश में 15 लाख लैपटॉप बाटकर दिखाये। इसके बाद भी लोग हमको बदनाम करते हैं तो फिर हम कुछ नहीं कह सकते। हम अपना काम करते रहेंगे। उन्होंने दावा किया कि देश के किसी भी अन्य राज्य में इतनी सुविधा नहीं मिलती है। ं
अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग ने काफी अच्छा काम किया है। स्वास्थ्य विभाग से बहुत लोगों को रोजगार भी मिला है। हमने एमबीबीएस में 500 सीटें बढ़ाई हैं। उत्तर प्रदेश के हर बड़े शहर में नए अस्पताल खुले हैं। दो वर्ष में स्वास्थ्य विभाग और तरक्की करेगा। अब कोशिश हर जगह पर छोटे-छोटे अस्पताल खोलने की है। अभी एक लाख की आबादी वाले 41 शहरों में छोटे अस्पताल खोलने की योजना है। इन सभी अस्पतालों में दवाओ की जानकारी ऑनलाइन होगी।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के शहर के साथ ही गांवों में भी विकास हो रहा है। यूपी विकास के रास्ते पर तेजी से जा रहा है। हमारी डेरी योजनाएं सबसे अच्छी हैं। विकास कार्य के लिए भी हमने किसानों से जबरन जमीन का अधिग्रहण नही किया। शहर-शहर में अनाज, दूध, आलू तथा सब्जी मंडी का निर्माण कराया। इस बार भी उत्तर प्रदेश में आलू की पैदावार सबसे ज्यादा रहेगी। लखनऊ में मेट्रो का भी काम शुरु हो चुका है। अब हम तो साइकिल चलाने का भी काम करेंगे।