Coronavirus Lucknow News Update: लखनऊ में कोरोना से एक और मौत, संक्रमित मरीजों की संख्या तीन सौ के पार
कोरोना का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा। अब तक तीन मरीजों की कोविड-19 से हो चुकी है मौत।
लखनऊ, जेएनएन। शहर में कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ रहा है। यहां बीमारी धीरे-धीरे जानलेवा बन रही है। केजीएमयू में भर्ती महिला की मौत हो गई। वहीं, बाद को आई रिपोर्ट में वायरस की पुष्टि हुई है। ऐसे में अब शहर में कोरोना से मौतों का आंकड़ा तीन पहुंच गया है। वहीं, सदर में वायरस फिर भयावह हो रहा है। यहां के वाल्मीकि मोहाल में एक ही परिवार के नौ लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। शुक्रवार को कुल 14 नए मरीज पाए गए, तीन गैर जनपद के हैं।
शहर में कोरोना का प्रसार लगातार बढ़ रहा है। सदर में कई दिनों से मरीज नहीं आ रहे थे। ऐसे में क्षेत्रवासियों को छुटकारे की उम्मीद जगी। 16 मई को सदर में दो लोगों में संक्रमण पाया गया था। वहीं गुरुवार को वाल्मीकि माेहाल में पहली बार मरीज पाए गए। मां-बेटे दोनों में वायरस की पुष्टि हुई है। इसके अलावा पांच जीआरपी व एक आरपीएफ के जवान में कोरोना पाया गया। इसको लेकर हड़कंप मचा रहा।
दो पुरुष, एक महिला की मौत
शहर में कोरोना केस का आंकड़ा साढ़े तीन सौ पार कर चुका है। वहीं, मृतकों की संख्या तीन हो गई है। 15 अप्रैल को शहर में नया गांव निवासी 64 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हुई। वहीं, 19 मई को मौलवीगंज निवासी 52 वर्षीय सब्जी विक्रेता की मौत हो गई। इसके अलावा शहर में महिला मरीज की पहली कोरोना से मौत हुई है।
चार प्रवासी मजदूरों में कोरोना
मुंबई, गुजरात, मध्य प्रदेश से लौटे मजदूरों में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार को चार मजदूरों में वायरस की पुष्टि हुई है। ऐसे में संक्रमित मजदूरों की संख्या 30 के पार पहुंच गई है। अभी सैकड़ों मजदूरों को क्वारंटाइन में रखा गया। एक स्वास्थ्य कर्मी व एक के बेटे में संक्रमण चिनहट सीएचसी के एक स्वास्थ्य कर्मी में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। इसके अलावा तेलीबाग के एक युवक में कोरोना की पुष्टि हुई है। संक्रमित व्यक्ति के पिता का पीजीआइ में तैनात बताए गए हैं। इसके अलावा एक निशातगंज, एक आगरा व एक सुल्तानुपर का मरीज है। लखनऊ में कुल 15 लोगों में वायरस की पुष्टि हुई है।
भर्ती मरीजों में कोरोना की पुष्टि, यूनिट बंद
इंदिरानगर व गोमतीनगर के दो निजी अस्पतालों के मरीजों को भर्ती किया गया। इनमें निजी पैथोलॉजी से जांच कराई गई। मरीजों में गुरुवार को कोरोना की पुष्टि हुई है। अस्पतालों की यूनिटों को सैनिटाइज कर 24 घंटे के लिए बंद करने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को संक्रमित आए कुल मरीजों में जीआरपी का एक जवान आगरा का निकला। ऐसे में 352 के बजाए शहर में मरीजों की संख्या 351 रह गई। वहीं शुक्रवार को 11 शहर में नए मरीज मिलने पर आंकड़ा 362 हो गया है। नए मरीजों में तीन महिला व आठ पुरुष मरीज हैं।