ताजमहल और सिकंदरा की मीनार पर गिरी बिजली
आगरा में आज मौसम के बदले मिजाज के बीच आकाशीय बिजली का कहर शाहजहां के मकबरा ताज और अकबर के मकबरे सिकंदरा पर बरसा। सिकंदरा में मुख्य द्वार की मीनार पर और ताज के उद्यान में तेज आवाज के साथ बिजली गिरी, जिससे पर्यटकों में अफरातफरी मच गई।
लखनऊ। आगरा में आज मौसम के बदले मिजाज के बीच आकाशीय बिजली का कहर शाहजहां के मकबरा ताज और अकबर के मकबरे सिकंदरा पर बरसा। सिकंदरा में मुख्य द्वार की मीनार पर और ताज के उद्यान में तेज आवाज के साथ बिजली गिरी, जिससे पर्यटकों में अफरातफरी मच गई। मीनार के कुछ पत्थर टूटकर नीचे गिर गए। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) के अफसर नुकसान का आकलन कर रहे हैं। ताजनगरी में सुबह करीब 11:30 बजे मौसम का मिजाज एकदम बदल गया और अंधेरा छा गया। बारिश शुरू होने साथ बिजली कड़कने लगी। दोपहर 12 बजे के करीब सिकंदरा के मुख्य द्वार के ऊपर बनी उत्तर-पूर्वी मीनार पर तेज आवाज के साथ बिजली गिरी। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) के अफसर उस समय स्मारक में ही थे। बिजली गिरने पर वहां अफरातफरी मच गई। पर्यटकों के साथ ही अफसर व कर्मचारी स्मारक के अंदर एकत्र हो गए। बारिश रुकने के बाद जब वह बाहर आए तो फर्श पर मीनार से टूटे संगमरमरी पत्थर के टुकड़े पड़े हुए थे। जिसके बाद यह तस्दीक की गई कि बिजली गिरने से कहीं और तो नुकसान नहीं हुआ। जिस समय सिकंदरा में यह घटना घटी, ठीक उसी समय ताज के दक्षिणी-पश्चिमी भाग में स्थित आरओ प्लांट के पास गार्डन में बिजली गिरी। अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. भुवन विक्रम ने बताया कि सिकंदरा में उत्तर-पूर्वी मीनार का छोटा सा पत्थर बिजली गिरने से टूटा है। ताज में बिजली गिरने की जानकारी नहीं है। ताज और सिकंदरा में जिस समय बिजली गिरी उस समय बिजली उपकरणों ने काम काम करना बंद कर दिया था। ताजमहल में जहां ट्रिपिंग हुई, वहीं सिकंदरा में स्टेबलाइजर व इन्वर्टर खराब हो गए।