सोनिया के फोन से कांग्रेसी उत्साहित, मधुसूदन विधायक से मिले
गंगा में प्रतिमा विसर्जन को लेकर हुए बवाल और विधायक अजय राय को फतेहगढ़ जेल भेजे जाने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा आंदोलन के लिए तैयारी करने के निर्देश से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार हुआ है। लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार कांग्र्रेस एकजुट दिखी।
लखनऊ। गंगा में प्रतिमा विसर्जन को लेकर हुए बवाल और विधायक अजय राय को फतेहगढ़ जेल भेजे जाने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा आंदोलन के लिए तैयारी करने के निर्देश से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार हुआ है। लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार कांग्र्रेस एकजुट दिखी। सोनिया गांधी ने बुधवार शाम वरिष्ठ नेता राजेशपति त्रिपाठी को फोन कर बनारस की ताजा स्थिति का जायजा लिया था और अजय राय की गिरफ्तारी का कारण भी पूछा था। उन्होंने लखनऊ व बनारस के वरिष्ठ नेताओं को निर्देश दिया कि विधायक के साथ खड़े होकर उन्हें न्याय दिलाने के लिए आंदोलन को आगे बढ़ाएं। फिर क्या था, अगली सुबह पूर्व सांसद डा. राजेश मिश्रा कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण से मिले और विधायक की रिहाई व जिलाध्यक्ष समेत अन्य कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमे वापस लेने के लिए मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी मधुसूदन मिस्त्री और प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री को बनारस आना था लेकिन दोनों अजय राय से मिलने फतेहगढ़ चले गए। वे शुक्रवार या शनिवार को बनारस आ सकते हैं। प्रदेश उपाध्यक्ष व जिला प्रभारी दिग्विजय सिंह बलिया से बनारस पहुंचे। जिला व महानगर कमेटी की आपात बैठक बुलाई। इसके बाद मीरजापुर के विधायक ललितेश पति त्रिपाठी ने बताया कि अजय राय की गिरफ्तारी के बदले कार्यकर्ता गिरफ्तारी देंगे। कार्यकर्ताओं ने गुरुवार शाम कैंट चौराहे पर कैंडिल मार्च निकाला।
मधुसूदन मिस्त्री फतेहगढ़ जेल पहुंचे
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी मधुसूदन मिस्त्री,प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष निर्मल खत्री,विधान परिषद में कांग्रेस विधायक दल के नेता नसीब पठान देर शाम विधायक अजय राय से मिलने फतेहगढ़ सेन्ट्रल जेल पहुंचे।
कांग्रेस की कमेटी गठित
बनारस प्रकरण पर कांग्रेस शांत नहीं बैठेगी वरन आरपार की लड़ाई की तैयारी में है। विधायक अजय राय से फतेहगढ़ जेल में मिल कर लौटे प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री ने बताया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल, प्रदीप जैन 'आदित्य ' और विधान मंडल दल नेता प्रदीप माथुर की तीन सदस्यीय कमेटी मौके पर निरीक्षण करेगी। एक सप्ताह में रिपोर्ट देगी और इसी के आधार पर रणनीति तय होगी। खत्री ने आरोप लगाया कि अन्याय प्रतिकार यात्रा में भाजपा विधायक एवं उनके कार्यकर्ता यात्रा को हिंसक बनाने में लगे थे। एफआईआर में विधायक अजय राय के साथ भाजपा के रवींद्र जायसवाल एवं साध्वी प्राची का नाम भी शामिल था। इसके बावजूद पुलिस ने केवल अजय राय समेत कांग्रेसजन को ही गिरफ्तार किया। इससे साबित है कि समाजवादी सरकार प्रधानमंत्री एवं वाराणसी सांसद नरेंद्र मोदी के इशारे पर कांग्रेसजन का उत्पीडऩ कर रही है जिसको बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी।