जावेद आब्दी होंगे प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन
लखनऊ। विधानसभा उप चुनाव की सरगर्मी के दौरान मौके की नजाकत को देखते हुए मुख्यमंत्री अखिलेश
लखनऊ। विधानसभा उप चुनाव की सरगर्मी के दौरान मौके की नजाकत को देखते हुए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सपा के राष्ट्रीय सचिव जावेद आब्दी को उप्र प्रदूषण बोर्ड के चेयरमैन का अतिरिक्त प्रभार सौंपना अहम फैसला है। आब्दी यूपीडीईएससीओ (डेस्को) के राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त अध्यक्ष भी हैं।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के संभल से ताल्लुक रखने वाले आब्दी को नई जिम्मेदारी देने के पीछे चुनावी समीकरण साधना माना जा रहा है। संगठन में टीम अखिलेश के महत्वपूर्ण सदस्य आब्दी गत विधानसभा चुनाव के दौरान निकले क्रांति रथ से दिए भाषणों से चर्चा में आए। चुनावी रथ पर सपा प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ शुरुआत से अंत तक रहे आब्दी को सरकार बनते ही यूपी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का सदस्य बनाया गया। इसके बाद उन्हें यूपी डेस्को चेयरमैन की जिम्मेदारी सौंपकर राज्यमंत्री दर्जा प्रदान किया गया। हाल ही में आब्दी उस समय चर्चा में आए जब पार्टी प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी का आवास छह कालीदास मार्ग उन्हें आंवटित किया गया था।
सूत्रों का कहना है कि उपचुनाव में सपा ने मुस्लिम कार्ड को पुख्ता करने के लिए आब्दी का सियासी कद बढाया है। इससे पूर्व मेरठ के रफीक अंसारी को भी दो विभागों की जिम्मेदारी सौंपी जा चुकी है। रफीक पर्यटन विभाग में सलाहकार थे। बाद में उन्हें हथकरघा निगम के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी सौंप दी गई ताकि अंसारी बिरादरी को जोड़े रखा जा सके।