Move to Jagran APP

उत्तर प्रदेश में बादलों की घेराबंदी से गर्मी में नरमी

आज उत्तर प्रदेश में गर्मी से थोड़ी राहत रही। बादलों की घेराबंदी के कारण गर्मी में नरमी आई है। हालांकि उमस ने परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग के मुताबिक ज्यादातर जिलों में पारा दो से छह डिग्री तक नीचे गिर गया है।

By Nawal MishraEdited By: Published: Tue, 03 May 2016 11:25 PM (IST)Updated: Tue, 03 May 2016 11:29 PM (IST)
उत्तर प्रदेश में बादलों की घेराबंदी से गर्मी में नरमी

लखनऊ। आज उत्तर प्रदेश में गर्मी से थोड़ी राहत रही। बादलों की घेराबंदी के कारण गर्मी में नरमी आई है। हालांकि उमस ने परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक ज्यादातर जिलों में पारा दो से छह डिग्री तक नीचे गिर गया है। एक दिन पहले तक देश में सबसे अधिक गर्म रहे बांदा में भी पारा 47.2 से 45 डिग्री सेल्सियस पहुंचा। हालांकि सूबे में यह अभी भी सबसे गर्म जिला है। फतेहपुर में मंगलवार देर रात यमुना पट्टी क्षेत्र के कई गांवों में तेज आंधी के साथ बूंदाबादी व हल्के पत्थर गिरने से अचानक मौसम में बदलाव आ गया। बूंदाबांदी व ओले गिरने से जहां किसान सहम गए हैं। हल्के पत्थर गिरने से खेतों में कटी पड़ी फसल बर्बाद होने का खतरा बढ़ गया है, बूंदाबांदी होते किसान खेतों की ओर भाग खड़े हुए और फसल को सुरक्षित करने में जुट गए हैं। दूसरी ओर लखनऊ में रात में बूंदाबांदी रुक रुक कर होती रही। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटों के दौरान सूबे के कुछ हिस्सों में भी आंधी पानी अथवा बूंदाबांदी हो सकती है।

loksabha election banner

इलाहाबाद में पारा तीन डिग्र्री सेल्सियस से ज्यादा लुढ़क गया। आसमान में बादल छाये रहे। आद्र्रता भी बढ़कर 73 फीसद हो गई है। अधिकतम तापमान 44.8 से 41.1 डिग्री सेल्सियस हो गया है। सुबह शाम बादल छाये रहे। हालांकि दिन में एक भी बार बूंदाबांदी नहीं हुई। गोरखपुर में नम पुरवा हवाओं के नाते सुबह सुखद रही। दिन चढऩे के साथ उमस थोड़ी बढ़ गई। तापमान अधिकतम 37.1 डिग्री सेल्सियस रहा। फैजाबाद, अंबेडकरनगर, गोंडा, बहराइच और लखीमपुर में भी बादलों की वजह से पारे का रुख नरम रहा।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मंगलवार को मौसम के मिजाज में तेजी से बदलाव आया। सुबह से दोपहर बाद तक बादल छाये रहने से कई जगह गर्मी से निजात मिली तो कई जगह उमस व गर्मी ने हाल बेहाल रखा। आगरा में सुबह से ही बादल छाने से लोग गर्मी व उमस की मार से बेहाल हो गए। दूसरे दिन पारा 45 डिग्री रहा।

मथुरा में सुबह से ही आसमान में धुंध छाई रही, लेकिन तपिश में कोई कमी नहीं आई। पारा 44 डिग्री और 33 डिग्री रहा। फीरोजाबाद में सुबह बदली छाने से लोगों को राहत मिली। दोपहर में लू के थपेड़ों की मार असहनीय हो गई। पारा 40 डिग्री पर थमा। मैनपुरी में तापमान गिरकर 41 डिग्री हुआ लेकिन उमस ने बेहाल कर दिया। एटा और कासगंज में बादलों से कुछ राहत मिली। पारा 39 पर रुका।

अलीगढ़ में भी सुबह से बादल छाये रहे। दोपहर एक बजे के करीब बूंदाबांदी के आसार बने। हवा में काफी नमी रही। हालांकि, शाम चार बजे धूप निकल आई। अधिकतम तापमान 29.4 व न्यूनतम 23.6 डिग्री रहा।

मुरादाबाद: मंगलवार को लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। महानगर में आज अधिकतम तापमान 38.2 तथा न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस नोट किया गया। हालांकि पूरे दिन धूप खिली रही, लेकिन सुबह के समय ठंडी हवाओं ने कुछ राहत दी। रामपुर, अमरोहा और सम्भल में भी सोमवार के मुकाबले गर्मी का कहर कुछ कम रहा।

सहारनपुर में सोमवार को भीषण गर्मी के बाद मौसम में एक बार फिर से बदलाव दिखा। मंगलवार को दिनभर बादल छाये रहने के कारण तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि दोपहर में उमस भरी गर्मी ने परेशान जरूर किया। अधिकतम तापमान 42 डिग्री दर्ज किया गया। मुजफ्फरनगर के तापमान में सोमवार के मुकाबले पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस रहा। मेरठ में मंगलवार को पारा अचानक छह डिग्री लुढ़क गया। हालांकि दोपहर में सूरज के तेवर तीखे रहे। अधिकतम तापमान 37.7 रहा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.