अस्पताल में भर्ती दूल्हे के पास बरात लेकर पहुंची वधू
अस्पताल में भर्ती दूल्हे के पास बरात लेकर पहुंची वधू
लखनऊ। वाराणसी के एक अस्पताल में भर्ती वर से शादी के लिए वधू बरात लेकर पहुंच गई। पूरी रस्म के साथ वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न हुआ। दोनों पक्ष इस अनूठे दांपत्य अनुष्ठान में शामिल हुए।
बिहार के कैमूर स्थित दुलहरा गांव के चंदन कुमार पुत्र स्व. निहोर सिंह की शादी करीब एक वर्ष पूर्व तय हुई थी। कन्या पक्ष चंदौली, सैयदराजा स्थित परेवा गांव का रहने वाला है। यहां चंदन की शादी सूबेदार मौर्य के बेटी रीतू से तय हुई थी। सूबेदार करीब पांच वर्ष से लापता हैं। पहले से तय हुई शादी 28 मई को होनी थी। इस बीच 18 मई को अचानक चंदन की तबीयत बिगड़ी और उसे बिहार से लाकर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चंदन की आंत का उसी रात आपरेशन हुआ। गर्मी के चलते जख्म भरने में विलंब हुआ तो विवाह को लेकर असमंजस हो गया। ऐसे में रितू के दादा रामहर्ष ने बड़ा फैसला लिया। कहा कि शादी तो तय तारीख पर ही होगी भले ही अस्पताल में करनी पड़े। हुआ भी ऐसा ही। गुरुवार सुबह कन्या पक्ष रिश्तेदारों के साथ अस्पताल पहुंच गया। अस्पताल प्रबंधन ने भी साथ दिया और नवनिर्मित अस्पताल को विवाह स्थल बना दिया। यहीं मंडप सजा, बैंड बजने लगा और विवाह की रस्में पूरी हुईं।
बलिया में भी ऐसी शादी
बलिया बांसडीह राजगांव के उमेश सिंह की शादी बिहार के छपरा उमधां की गुडिय़ा से 19 मई को तय हुई थी। शादी से दो दिन पूर्व उमेश गैस सिलेंडर की पाइप फट जाने से लगी आग में झुलस गया। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गुडिय़ा को लेकर उसका परिवार अस्पताल पहुंचा और तय तारीख को विवाह संपन्न हुआ।