Move to Jagran APP

बंदियों के बीच फर्श पर रातभर करवटें बदलते रहे गायत्री प्रसाद

निवर्तमान मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति को रात साधारण बंदियों के बीच फर्श पर गुजारनी पड़ी। अर्श से फर्श पर आए गायत्री रातभर करवटें बदलते रहे।

By Nawal MishraEdited By: Published: Thu, 16 Mar 2017 10:36 PM (IST)Updated: Fri, 17 Mar 2017 10:43 PM (IST)
बंदियों के बीच फर्श पर रातभर करवटें बदलते रहे गायत्री प्रसाद
बंदियों के बीच फर्श पर रातभर करवटें बदलते रहे गायत्री प्रसाद
लखनऊ (जेएनएन)। सत्ता में रहने के दौरान सात सितारा होटल से लेकर वीवीआइपी गेस्ट हाउस के बेड पर आराम फरमाने वाले निवर्तमान मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति को रात साधारण बंदियों के बीच फर्श पर गुजारनी पड़ी। अर्श से फर्श पर आए गायत्री रातभर करवटें बदलते रहे। इस बीच माथे पर पसीना बढऩे का हवाला देकर जेल अधिकारियों से घबराहट होने की शिकायत भी की। हालांकि, सूबे में बदले राजनीतिक परिदृश्य के चलते जिला कारागार के भीतर गायत्री प्रसाद का कोई सिस्टम बैठ न सका।
दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार निवर्तमान मंत्री गायत्री प्रजापति को दोपहर जेल पहुंचने के बाद काफी दिक्कतें हुईं। गायत्री की सामान्य बंदियों की तरह तलाशी लिए जाने के बाद मुलाहिजा बैरक में ले जाया गया था। गायत्री को ऐसी बैरक में रखा गया है, जहां आसपास सीसीटीवी कैमरों की पूरी निगरानी है। एक जेल अधिकारी के मुताबिक निवर्तमान मंत्री को जिस हाते में रखा गया है, वहां आठ मुलाहिजा बैरक हैं। इन बैरकों में करीब 250 बंदी बंद हैं। कारागार पहुंचने के बाद अपने साथ हुए बर्ताव से गायत्री बेहद परेशान दिखे। बताया गया कि उनका ब्लड प्रेशर बढ़ गया था। माथे से पसीना बह रहा था। जेल की मुलाहिजा बैरक में अन्य बंदियों के बीच गायत्री कांपते रहे। 
कई बार पिया पानी 
जेल सूत्रों के मुताबिक रात गायत्री ने कई बार उठकर पानी पिया। तड़के आंख लगी, लेकिन ज्यादा देर सो नहीं सके। सुबह करीब सवा छह बजे उठकर बैठ गए थे। सुबह नहाने के बाद गायत्री ने कुछ देर पूजा करने के बाद चाय पी। इस दौरान उन्होंने किसी से कोई बातचीत नहीं की। गायत्री ने कई बंदियों से बार-बार बस इतना ही कहा कि वह जिंदगी में पहली बार जेल में बंद हुए हैं। इस पर बंदियों ने उन्हें जल्द छूटने का भरोसा दिलाया। वैसे सूत्रों की मानें तो गायत्री को जिस मुलाहिजा बैरक में रखा गया है, उसी बैरक में इस मामले में पूर्व में पकड़े गए गायत्री के दो-तीन साथी भी बंद हैं। हालांकि जेल अधिकारी पूरे मामले में कुछ भी बोलने से कतरा रहे हैं।  
खाई जेल की दाल-रोटी
गायत्री प्रसाद प्रजापति ने गुरुवार दोपहर जेल में उरद की दाल, रोटी व आलू-बैगन की सब्जी खाई। इससे पूर्व उन्होंने बुधवार रात भोजन करने से मना कर दिया था। गुरुवार सुबह नाश्ता भी नहीं किया। इससे पूर्व बुधवार शाम गायत्री से जेल मिलने पहुंचे एक एमएलसी व कुछ समर्थकों ने घर से लाया कंबल व तकिया भीतर भिजवाने का प्रयास किया, लेकिन जेल प्रशासन के आगे उनकी एक न चली। गायत्री के लिए घर से आया खाने का सामान तक जेल के अंदर नहीं जा सका। 
दो परिचित मिलने पहुंचे
गायत्री से मिलने के लिये कई लोग जेल पहुंचे थे। लग्जरी गाडिय़ों से आए इन लोगों ने काफी देर तक जेल परिसर के बाहर इन्तजार किया। हालांकि गायत्री से मिलने के लिए जेल में दो प्रार्थनापत्र दिये गये जिन पर मिलने की अनुमति दी गई। एक जेल अधिकारी के मुताबिक गायत्री की दो परिचितों से जाली के पीछे से मुलाकात कराई गई। हालांकि मुलाकात किन लोगों से कराई गई, जेल अधिकारी इस पर चुप्पी साधे रहे। गुरुवार को गायत्री जेल में एक बाहुबली नेता से मिले। सूत्रों के मुताबिक दोनों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई, जिसके बाद गायत्री को कुछ हद तक राहत भी मिली। हालांकि बाहुबली के सामने भी गायत्री सहमे रहे।

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.