गंगा सफाई व कचरा प्रबंधन में उप्र को सहयोग देगा बेल्जियम
गंगा सफाई अभियान, स्मार्ट सिटी, स्वच्छ भारत मिशन, कचरा प्रबंधन आदि कार्यों में नई तकनीकों के माध्यम से बेल्जियम उत्तर प्रदेश के विकास में अहम भूमिका निभाना चाहता है।
लखनऊ (जेएनएन)। बेल्जियम के राजदूत जॉन ल्युक्स ने सोमवार को संसदीय कार्य व नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना से विधानसभा सचिवालय के सभागार में मुलाकात की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की योजनाओं, गंगा सफाई अभियान, स्मार्ट सिटी, स्वच्छ भारत मिशन, सालिड वेस्ट मैनेजमेंट (कचरा प्रबंधन) आदि कार्यों में नई तकनीकों के माध्यम से बेल्जियम उत्तर प्रदेश के विकास में अहम भूमिका निभाना चाहता है। बेल्जियम के राजदूत के साथ आए उद्योगपति राजीव भल्ला ने प्रदेश में कारखाने लगाने की इच्छा जताई। उन्होंने मेड-इन-इंडिया व मेड-इन-यूपी के तहत विनिर्माण करने की प्रतिबद्धता जताई।
बेल्जियम के राजदूत ने नगर विकास मंत्री को बताया कि उनके देश की नदियों को किस तरह तकनीकी माध्यम से स्वच्छ बनाया गया तथा कारखानों से होने वाले वायु प्रदूषण को कम किया गया। उन्होंने इन तकनीकों को भी मंत्री से साझा किया। उन्होंने नगर विकास मंत्री को बेल्जियम आने का निमंत्रण भी दिया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया। इस अवसर पर नगर विकास मंत्री ने गंगा सफाई अभियान, सालिड वेस्ट मैनेजमेंट के लिए बेल्जियम से तकनीकी सहयोग करने की अपेक्षा की। उन्होंने कानपुर में गंगा नदी में गिर रहे नालों व टेनरियों के गंदे पानी की सफाई व गंगा को प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए तकनीकी जानकारी हासिल करने के लिए भी विचार विमर्श किया।
नगर विकास मंत्री ने स्मार्ट सिटी व स्वच्छ भारत मिशन की जानकारी जॉन ल्युक्स को दी। उन्हें यह भी बताया कि किस आधार पर स्मार्ट सिटी के तहत शहरों का चुनाव किया गया है। स्मार्ट सिटी के अंतर्गत शहरवासियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी और इसमें तकनीकी सहयोग की अपेक्षा की। बैठक में श्रीमती ल्यूक्स, विधानसभा सचिव प्रदीप दुबे, विशेष सचिव नगर विकास रमाकान्त पाण्डेय, प्रबंध निदेशक जल निगम वाईके जैन आदि अधिकारी उपस्थित थे।