बुलंदशहर में चलती कार में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म
चलती कार या बस में सामूहिक दुष्कर्म के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। बुलंदशहर के दरियापुर क्षेत्र में कल रात तीन लोगों ने चलती कार में एक किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म किया। इन लोगों ने किशोरी को नौकरी का लालच देकर कार में बैठाया था। इस मामले की रिपोर्ट
लखनऊ। चलती कार या बस में सामूहिक दुष्कर्म के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। बुलंदशहर के दरियापुर क्षेत्र में कल रात तीन लोगों ने चलती कार में एक किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म किया। इन लोगों ने किशोरी को नौकरी का लालच देकर कार में बैठाया था। इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।
पीडि़ता का अरोप है कि हंसी नाम का एक व्यक्ति उसके पास आया करता था। हंसी ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर कल दरियापुर बंबे पर बुलाया। युवती तय समय पर बंबे के पास जाकर खड़ी हो गई। आरोप है कि इसी बीच हंसी अपने साथियों राजेश यादव, वीरपाल यादव और दो अन्य के साथ वहां पहुंचा और कार में खींच लिया। इसके बाद तीन लोगों ने चलती कार में उसके साथ दुष्कर्म किया। आधा-पौन घंटे बाद वापस उसे दरियापुर के पास छोड़कर सभी फरार हो गए। वारदात के बाद युवती कोतवाली देहात थाने पहुंची और पुलिस को इस घटनाक्रम की जानकारी दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। युवती का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है।
लालपुर कांड से जुड़ रहे दुष्कर्म के तार
पुलिस की नजर में चलती कार में दुष्कर्म का मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। इंस्पेक्टर देहात कोतवाली रामपाल सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला लालपुर कांड से जुड़ा दिखाई पड़ रहा है। गौरतलब है कि सिकंदराबाद के गांव लालपुर में बीते माह कुछ युवकों ने एक छात्रा को कार में घसीटकर अपहरण की कोशिश की थी। बाद में आरोपी पक्ष के एसएसपी आवास पर हंगामा करने की वजह से यह मामला बेहद चर्चित हुआ। आरोपी पक्ष ने सीओ सिकंदराबाद पर भी आरोप मढ़े, मगर पुलिस का शिकंजा आरोपियों पर कम नहीं पड़ा। जिन लोगों के खिलाफ चलती कार में दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया गया, सभी लालपुर कांड की पीडि़ता के मामले में पैरवीकार हैं। संशय होने पर जांच कराई जा रही है।