पत्नी ने दिवाली पर शॉपिंग कराने को कहा तो पति ने दुधमुहे को फर्श पर पटककर मार डाला Lucknow News
लखनऊ में पत्नी से झगड़े के बाद पति ने अपने डेढ़ महीने के दुधमुंहे बेटे को पटककर मार डाला। पुलिस ने किया गिरफ्तार।
लखनऊ, जेएनएन। आशियाना थाना क्षेत्र स्थित औरंगाबाद मुहल्ले में मंगलवार रात एक कलियुगी पिता ने डेढ़ महीने के दुधमुहे बेटे को फर्श पर पटककर मार डाला। आरोपित ने पत्नी से लड़ाई-झगड़े के दौरान उसकी गोद से बच्चे को छीनकर वारदात को अंजाम दिया। दीपावली से पहले हुई इस वारदात से मुहल्ले के लोग भी सदमे में हैं।
आरोपित गौतम विश्वकर्मा उन्नाव के दौलतपुर गांव का मूल निवासी है। गौतम का डेढ़ वर्ष पूर्व सोनी से विवाह हुआ था। शादी के बाद गौतम अक्सर पत्नी से छोटी-छोटी बातों पर मारपीट करता था। मंगलवार रात गौतम का किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हुआ। इसके बाद उसने उसे पीटना शुरू कर दिया। सोनी डेढ़ महीने के दुधमुहे को उठाकर घर छोडऩे की बात कहकर जाने लगी। इस पर गौतम ने दुधमुहे को छीनकर फर्श पर पटक दिया। इसके बाद आरोपित फरार हो गया। सोनी और आसपास के लोग बच्चे को लोकबंधु अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोनी ने आशियाना थाने में पति के खिलाफ हत्या की एफआइआर दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
टाइल्स का काम करके घर लौटा था आरोपित
आरोपित गौतम टाइल्स मिस्त्री है। वह एक साइट से टाइल्स का काम कर घर लौटा था। पत्नी ने उससे दीपावली के तैयारियों को लेकर सामान लाने के लिए कहा था। इसी बीच पैसों को लेकर विवाद शुरू हो गया और उसने मासूम की जान ले ली।