फेसबुकिया प्यार का खुमार फेरों के 48 घंटे बाद रार
वर्चुअल वर्ल्ड में दो साल चले फेसबुकिया प्यार का बुखार शादी के ४८ घंटे बाद ही उतर गया। दुल्हन पति से विवाद के चलते दो दिन बाद पीहर लौट गई। रात भाइयों के साथ ससुराल लौटी और सास को पीटने के बाद देवर का सिर फोड़ दिया।
लखनऊ। वर्चुअल वर्ल्ड में दो साल चले फेसबुकिया प्यार का बुखार शादी के ४८ घंटे बाद ही उतर गया। दुल्हन पति से विवाद के चलते दो दिन बाद पीहर लौट गई। रात भाइयों के साथ ससुराल लौटी और सास को पीटने के बाद देवर का सिर फोड़ दिया। जानकारी होने पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को पकड़कर थाने ले आई।
आगरा के सिकंदरा क्षेत्र निवासी मर्चेंट नेवी में तैनात युवक की दो साल पूर्व दिल्ली की एक युवती से फेसबुक पर दोस्ती हो गई। एक सप्ताह तक चली चैटिंग के बाद उन्होंने डेटिंग पर रूबरू होने का फैसला किया। डेटिंग के बाद दोनों एक दूसरे को पसंद करने लगे। युवती दिल्ली में एक बीपीओ में अच्छे पद और वेतन पर थी। करीब दो साल तक डेटिंग और फेसबुक पर चैटिंग के बाद उन्होंने शादी करने का फैसला किया। परिजनों को इसकी जानकारी दी तो वह तैयार नहीं हुए। दोनों की जाति एक होने के कारण उन्होंने परिवार वालों को शादी के लिए मना लिया, अप्रैल के आखिरी सप्ताह में पारंपरिक रूप से शादी कर ली।
युवक का आरोप था कि विदा होकर पहुंचते ही पत्नी ने उस पर दिल्ली में चलकर रहने का दबाव बनाने लगी। उस पर बैंक में संयुक्त खाता खोलने की कहने लगी। युवक ने पत्नी से परिवार की जिम्मेदारी होने की बताते हुए समझाने का प्रयास किया। इससे नाराज होकर दो दिन बाद ही घर लौट गई। बुधवार की रात अपने भाइयों और अन्य रिश्तेदारों के साथ घर पहुंची। उसे अपने साथ तुरंत दिल्ली चलने की कहने लगी। मां ने समझाने का प्रयास किया तो उसे चांटा मार दिया, छोटे भाई का सिर फाड़ दिया। कॉलोनी में जमकर हंगामा करने लगी। पुलिस के पहुंचने पर साथ आए अन्य लोग भाग गए। पुलिस युवती के भाई समेत दो लोगों को पकड़कर थाने ले आई। यहां दोनों पक्षों में रात भर पंचायत चली। एसओ सिकंदरा अनिल यादव ने बताया दोनों पक्ष में समझौता हो गया है।
शादी करके फंस गया साहब
थाने पहुंचे युवक का पुलिस से कहना था कि शादी करके वह फंस गया है। परिवार के लोग इस शादी को तैयार नहीं थे। इसके बावजूद उसने शादी कर ली। फेसबुक पर युवती ने उससे जो भी वादे किए थे, वह कोरे निकले। युवती चाहती है कि वह परिवार को छोड़कर उसके साथ दिल्ली चलकर रहे। सोशल मीडिया पर प्यार का दावा करते समय प्रेमिका ने ऐसी कोई शर्त नहीं रखी थी।
पति चाहता है नौकरी छोड़ दूं
वहीं युवती का कहना था कि पति झूठ बोल रहा है। वह चाहता है कि में अपनी नौकरी छोड़कर जो उसके साथ यहां आकर रहूं। वहबीपीओ में अच्छे पद पर है, मोटा वेतन पा रही है। युवती का कहना था कि वह अपने पैरों पर खड़ी है, पति से नौकरी छोडऩे से इन्कार कर दिया। इसी को लेकर सारा विवाद है।