अश्लील हरकत करने में कांग्रेस का नेता गिरफ्तार, रिहा
मुजफ्फरनगर में सार्वजनिक स्थल पर अश्लील हरकत करने के मामले में कल रात एक कांग्रेस नेता को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद उनको थाना से ही जमानत पर रिहा कर दिया गया।
लखनऊ। मुजफ्फरनगर में सार्वजनिक स्थल पर अश्लील हरकत करने के मामले में कल रात एक कांग्रेस नेता को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद उनको थाना से ही जमानत पर रिहा कर दिया गया।
मुजफ्फरनगर के खतौली क्षेत्र में कल रात एक एक कांग्रेस नेता को पुलिस ने सार्वजनिक स्थल पर अश्लील हरकत करने के आरोप में गिरफ्तार किया। यह मामला देर रात का है। कांग्रेस के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के पदाधिकारी रहे हाजी इजहार का चालान कर दिया गया। उनको हिरासत में लेकर थाना पर लाया गया और रात ही उन्हें जमानत दे दी गई। पुलिस का कहना है कि कांग्रेस नेता इजहार सार्वजनिक स्थल पर अश्लील हरकत कर रहे थे और फब्तियां कस रहे थे। इसलिए उन पर कार्रवाई की गई है।
उधर इजहार का कहना है कि रात में उन्हें एक महिला ने फोन कर पति के साथ चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए बुलाया था। वह घटनास्थल पर पहुंच महिला से बात कर रहे थे तभी पुलिस आ गई और उन्हें पकड़ लिया। कांग्रेस नेता का कहना है कि महिला ने भी छेड़छाड़ से इन्कार किया, लेकिन फिर भी पुलिस उन्हें राजनीतिक रंजिश के तहत फंसा रही है। हाजी इजहार का कहना है उन्हें खतौली के पालिकाध्यक्ष पारस जैन के खिलाफ मुकदमा लडऩे के कारण फंसाया जा रहा है। इस मामले में मुजफ्फरनगर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष नानू मियां का कहना है कि प्रकरण उनके संज्ञान में नहीं है।