मोदी व अखिलेश की अगुवाई में होगा काशी का विकास : नायडू
केंद्रीय नजर विकास मंत्री वैंकैया नायडू ने कांग्रेस को विकास विरोधी पार्टी बताया है। श्री नायडू आज वाराणसी में स्वच्छता अभियान में शिरकत कर रहे हैं।
लखनऊ। केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू ने आज 'अच्छे दिन' की बाट जोह रही काशी की जनता की नब्ज टटोली और बिजली, पानी, सड़क सहित अन्य बुनियादी समस्याओं पर सांत्वना देने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि यहां विकास की राह में सबसे बड़ा रोड़ा है 'राजनीति'। उन्होंने इसे हटाने का आह्वान करते हुए कहा कि विकास में राजनीति को तिलांजलि देना ही होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की अगुवाई में मिल-जुलकर काशी का विकास किया जाएगा।
मलदहिया-फातमान रोड स्थित गवर्नमेंट गल्र्स इंटर कालेज (जीजीआइसी) परिसर में जापान की टोयोटा किर्लोस्कर मोटर कंपनी की ओर से आयोजित 'स्वच्छ भारत- स्वच्छ विद्यालय' समारोह में वेंकैया ने कहा कि स्वच्छ भारत में सबकी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसे जनांदोलन का रूप देना होगा। अभियान में कलाकार, खिलाड़ी, आध्यात्मिक गुरु सहित सभी रुचि ले रहे हैं। यह सुखद अनुभूति है।
पीएम की योजनाएं जनभागीदारी से होंगी पूरी
नायडू ने कहा कि प्रधानमंत्री ने चार योजनाएं लागू की हैं। एमआइ यानी मेक इन इंडिया, एसआइ यानी स्किल इन इंडिया, डीआइ यानी डिजिटल इंडिया और सीआइ यानी क्लीन इंडिया। सभी जनभागीदारी से ही पूरी होंगी।प्रधानमंत्री की इच्छा बनारस बने अनूठा
वेंकैया ने कहा कि प्रधानमंत्री चाहते हैं कि वाराणसी अनूठा शहर बने, जिसका उदाहरण दुनिया को दिया जा सके। अब काशी स्मार्ट सिटी बनने की ओर अग्रसर है, यहां हृदय योजना लागू है, स्वच्छता अभियान का आगाज हो रहा है। यहां स्किल की कोई कमी नहीं। बनारस आगे नहीं बढ़ेगा तो यूपी भी आगे नहीं जाएगा। यूपी आगे नहीं तो देश आगे नहीं जा सकता।
स्कूलों में शौचालय व पेयजल पहली जरूरत
इस मौके पर केंद्रीय पर्यावरण एवं वन मंत्री प्रकाश जावडेकर ने कहा कि हर घर, हर स्कूल में शौचालय हों। नदियां साफ हों। लोगों को पीने का स्वच्छ पानी मिले। और क्या चाहिए। अगर बच्चों को स्वच्छ पानी नहीं मिलेगा तो दोपहर का भोजन बेकार है। स्कूलों में शौचालय और शुद्ध पेयजल की उपलब्धता पहली जरूरत है। यहां कानून व्यवस्था, यातायात के साधन और टायलेट न होने के कारण लड़कियां स्कूल जाना छोड़ देती हैं।
जीजीआइसी में स्वच्छ भारत
स्वच्छ विद्यालय अभियान की शुरुआत मंत्री वेंकैया नायडू, प्रकाश जावडेकर, रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा, महापौर रामगोपाल मोहले, टोयोटा मोटर कारपोरेशन के चेयरमैन तकेशी उचयिमादा, वाइस चेयरमैन विक्रम किर्लोस्कर, एमडी नओमी इशी, निदेशक शेखर विश्वनाथ व टोयोटा मोटर एशिया पैसेफिक सिंगापुर के प्रेसीडेंट क्योइची टानाडा, जीजीआइसी की प्राचार्या डा. माया सिंह ने संयुक्त रूप से किया। समारोह का संचालन मुंबई की एंकर गीतिका गंजूधर ने किया। अभियान के तहत टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (टीकेएम) ने जीजीआइसी परिसर में ४० बायो टायलेट बनाए हैं। इसके अलावा कंपनी ने वाराणसी के पास बसनी गांव में पानी शुद्ध करने की एक हाइटेक यूनिट का भी निर्माण किया है।