यूपी विधानसभा में कांग्रेस अकेले लड़ती तो ज्यादा सीटें मिलती : दिग्विजय
कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने स्वीकारा कि अकेले लड़ते तो ज्यादा सीटें मिलती। कांग्रेस प्रदेश को वास्तविक विकास की राह पर ले जाने का काम करेगी।
लखनऊ (जेएनएन)। गत विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी से गठबंधन को गलत समय पर लिया फैसला करार देते हुए कांग्रेस के महासचिव दिग्विजय सिंह ने स्वीकारा कि अकेले लड़ते तो ज्यादा सीटें मिलती। सपा से गठबंधन जारी रखने के साथ बसपा को भी संग लेने की पैरोकारी करते हुए दिग्विजय ने संगठन की मजबूती पर ध्यान दिए जाने को जरूरी बताया। उनका दावा है कि आने वाले दिनों में कांग्रेस ही प्रदेश को वास्तविक विकास की राह पर ले जाने का काम करेगी।
यह भी पढ़ें: योगी आदित्यनाथ दूर कर रहे उत्तर प्रदेश की बीमारी
मंगलवार को कानपुर से लौटे कांग्रेस महासचिव ने वीवीआइपी गेस्ट हाउस में पत्रकार वार्ता के दौरान केंद्र व राज्य सरकारों को कोसा। भाजपा पर किसानों की घोर अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार की गलत नीति व फैसलों के कारण पूरे देश में किसान आंदोलित है। इसके लिए नोटबंदी व फसलों का उचित मूल्य नहीं दिलाने को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा चुनावी वादे पूरे नहीं किए गए, जिसका नतीजा है कि किसान आत्महत्या करने को मजबूर हो रहा है। उन्होंने जीएसटी के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार को घेरा। आरोप लगाया कि व्यापारियों को अब एक वर्ष चार रिर्टन भरने के बजाए 37 रिर्टन भरने होंगे।
योग को इवेंट बना देना उचित नहीं
योग दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि योग को केवल इवेंट बना देना उचित नहीं है। योग वन टू वन होता है, न कि सभी को एक साथ कराया जाए। प्रत्येक व्यक्ति के शरीर की जरूरत के अनुसार ही योग कराया जाना चाहिए। भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के बयान का जिक्र करते हुए उन्होंने मोदी को बढिय़ा इवेंट मैनेजर बताया। उन्होंने मोदी-शाह की जोड़ी पर चुटकी लेते हुए चुनावी वादे पूरे न करने पर कटाक्ष भी किए।