अशांत पश्चिमः कहीं दो गुट तो कहीं दो संप्रदाय आमने-सामने
सुहाग नगरी फीरोजाबाद में आज दिन में दो संप्रदाय के लोगों के आपने-सामने आ जाने के कारण शहर की फिजा बिगड़ गई। दोनों तरफ से ईंट तथा पत्थर चलने के बाद फायरिंग भी होने से एक दर्जन लोग घायल हैं। एएसपी के साथ कई थाना की फोर्स मौके पर स्थिति
लखनऊ। उत्तर प्रदेश का पश्चिमी इलाका अभी शांत नहीं है। यहां आए दिन छोटी-छोटी बातें बढ़कर सांप्रदायिक टकराव का रूप ले रहीं हैं। फीरोजाबाद में दो संप्रदाय के लोगों के आपने-सामने आने से फिजा बिगड़ गई। बरेली में आज दो मसलकों के गुटों में टकराव हो गया। दोनों स्थानों पर हिंसा, पथराव और फायरिंग के चलते करी ३० लोग जख्मी हो गए। इस बीच बरेली में कुतुबखाना मस्जिद प्रकरण में शांति के प्रयास जारी हैं।
दो बरेलवी मसलकों में टकराव-बरेली में आज रजवी और सकलैनी मसलक के लोग आपस में भिड़ गए। इस टकराव में करीब दो दर्जन लोग घायल हुए हैं। इनको निकट के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह टकराव बीती गुरुवार देर रात बरेली शहर से सटे करमपुर चौधरी गांव में सकलैनियों के जलसे के समय हुआ। दरअसल, सकलैनियों जलसा चल रहा था। किसी बात को लेकर रजवी और सकलैनी आमने सामने आ गए। संघर्ष में दोनों पक्षों से दो दर्जन लोग घायल हो गए। तनाव को देखते पुलिस और पीएसी तैनात की गई। यह दोनों बरेलवी गुट के ही अंग हैं। आज दिनभर सकलैनी हुजूम में घूमते रहे। इसके चलते प्रशासन सतर्क रहा। हालांकि सकलैनी जिला अस्पताल में भर्ती घायलों को देखकर और फल बांटकर लौट गए।
फीरोजाबाद में सांप्रदायिक संघर्ष-सुहागनगरी फीरोजाबाद में आज दिन में दो संप्रदाय के लोगों के आपने-सामने आ जाने के कारण शहर की फिजा बिगड़ गई। दोनों तरफ से ईंट तथा पत्थर चलने के बाद फायरिंग भी होने से एक दर्जन लोग घायल हैं। एएसपी के साथ कई थाना की फोर्स मौके पर स्थिति नियंत्रण करने में लगी हुई है। फीरोजाबाद के रसूलपुर थाना अंतर्गत मुहम्मद गंज इलाके में मामूली विवाद को लेकर आज सुबह हिंदू-मुस्लिम समुदाय आमने-सामने आ गए। दो पक्षों की तरफ से जमकर पथराव हुआ। इस दौरान तमंचे से एक दो फायर भी हुए। पथराव व फायरिंग से क्षेत्र में दहशत फैल गई।आनन-फानन लोग घरों में कैद हो गए और बाजार बंद हो गया। सूचना मिलने पर एएसपी कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ा। इसके बाद पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। पथराव में लोगों के घायल होने की सूचना है लेकिन पुलिस के डर से कोई असपताल नहीं पहुंचा है। घटनाक्रम के मुताबिक पूरे प्रकरण के पीछे जुए का विवाद है। दरअसल, एक गली के बाहर कुछ युवक जुआ खेल रहे थे। दूसरे समुदाय के लोगों के विरोध करने पर युवकों ने पथराव शुरू कर दिया, जिसके जवाब में दूसरी तरफ से भी जमकर पथराव हुआ। इसी बीच कुछ लोगों ने सब्जी की ठेल वाले के साथ मारपीट कर दी। इससे दोनों समुदाय सड़क पर आ गये। दोपहर तक किसी पक्ष की तरफ से पुलिस को कोई तहरीर आदि नहीं दी गई है। पुलिस अपने स्तर से ही उपद्रवियों की पहचान में लगी हुई है।
कुतुबखाना प्रकरण में शांति से निपटी नमाज-बरेली के कुतुबखाना मस्जिद प्रकरण में सब कुछ शांति से निपट गया। जिला प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी थी। बताते चलें कि गुरुवार को कुतुबखाना मस्जिद के आसपास के घरों में तलाशी में कई बोरे बोतल व पत्थर मिले थे। इससे आशंका थी कि जुमे की नमाज के बाद हालात बिगाडऩे का प्रयास होगा। हालांकि तनाव बरकरार रहने के कारण पुलिस ढील नहीं बरत रही है।