उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड में ठिठुरकर 40 की मौत
उत्तर प्रदेश आज कोहरे की चपेट में है। कड़ाके की ठंड ने 40 लोगों की जान ले ली। घने कोहरे के चलते सड़क हादसों में चार लोगों ने जान गंवा दी। कड़ाके की ठंड में लोग घरों में दुबके रहे। दिनभर सूर्य देवता आसमान में नहीं दिखाई दिए। घने कोहरे
लखनऊ। उत्तर प्रदेश आज कोहरे की चपेट में है। कड़ाके की ठंड ने 40 लोगों की जान ले ली। घने कोहरे के चलते सड़क हादसों में चार लोगों ने जान गंवा दी। कड़ाके की ठंड में लोग घरों में दुबके रहे। दिनभर सूर्य देवता आसमान में नहीं दिखाई दिए। घने कोहरे के कारण ट्रेनों घंटों लेट चलीं। सड़कों पर वाहन रेंगते रहे। इसका प्रभाव उड़ानों पर भी दिखाई दिया, इन सभी के के कारण लोगों को ढेरों परेशानियां उठानी हुईं।
शीत लहर का प्रकोप पूरे उत्तर प्रदेश में लगातार जारी है। बांदा, जौनपुर और भदोही में ठंड से पांच-पांच लोगों की मौत हो गई। प्रतापगढ़, कौशांबी और रायबरेली में ठंड के कहर ने तीन जानें ले ली। अलीगढ़ जिले के अतरौली तहसील में ठंड से नौ साल की बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई। मेरठ, सहारनपुर और इलाहाबाद में दो लोग ठंड के शिकार हो गए। कानपुर के हैलट अस्पताल लाए गए फतेहपुर और जालौन के एक-एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। हमीरपुर में एक बुजुर्ग महिला और एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। बस्ती, मऊ में एक व्यक्ति की मौत हो गई। एटा में ठंड की चपेट में आकर अधेड़ की मौत हो गई। जबकि मेरठ के एक स्कूल में एक छात्रा बेहोश भी हुई। बागपत के कुछ गांवों में सुबह बर्फ के छोटे-छोटे गोले गिरे। पूर्वी उत्तर प्रदेश के वाराणसी में न्यूनतम तापमान ने दिसबंर के दस वर्षों का रिकार्ड तोड़ दिया। जिला प्रशासन के दावों के बावजूद कई बाजारों में अलाव नहीं जले। प्रतापगढ़ में ठंड ने तीन साल का रिकार्ड तोड़ दिया। बर्फीली हवाओं से न्यूनतम तापमान तीन डिग्र्री के नीचे पहुंच गया।
सड़क हादसे की चढ़े भेंट
आगरा में घने कोहरे के कारण सड़क हादसों में दो और एक व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। अमरोहा के हसनपुर में दो वाहनों की टक्कर में बावनखेड़ी निवासी अकरम की मौत हो गई। मंडी धनौरा में हुए हादसे में कार में सवार चांदपुर निवासी एक महिला व पुरुष जख्मी हो गए।
पश्चिम में मेरठ सबसे ज्यादा ठंडा
आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा ठंडा जिला मेरठ रहा। मेरठ का न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उसके बाद क्रमश: मुजफ्फरनगर (2.5) और सहारनपुर (3.0) में कड़ाके की ठंड पड़ी। पीलीभीत 3.9, बदायूं 4.8, एटा 5.0, बुलंदशहर 5.0, शाहजहांपुर 7.0, आगरा 6.7, बरेली 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि हफ्ते भर तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा।