लायन सफारी में बीमार विष्णु-लक्ष्मी का हाल जानेंगे मुख्यमंत्री
लखनऊ। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव लायन सफारी में आज शेरों के बीमार जोड़े विष्णु-लक्ष्मी का हाल जाने
लखनऊ। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव लायन सफारी में आज शेरों के बीमार जोड़े विष्णु-लक्ष्मी का हाल जानेंगे। इन दोनों पर प्रतिदिन 15 से 20 हजार रुपये की दवाओं का खर्च हो रहा है। आज मुख्यमंत्री लायन सफारी दौरे के दौरान दोनों को देखने आ सकते हैं। उल्लेखनीय है कि इस जोड़े को 23 सितंबर को कानपुर चिड़ियाघर से लाया गया था। दोनों 28 दिन से अस्वस्थ हैं। अब यह दोनों उठकर खड़े नहीं हो पा रहे हैं। दोनों को मल्टीपल संक्रमण है।
हैदराबाद जू से इस जोड़े को वर्ष 2013 में कानपुर जू लाया गया था। वहां पर इन्हें संक्रमण हुआ था लेकिन तब उपचार से स्वस्थ हो गए थे। इन्हें वायरल संक्रमण है। लकवा के लक्षण भी मिले हैं। विष्णु और लक्ष्मी आपस में भतीजे और मौसी का रिश्ता रखते हैं। हालांकि हैदराबाद चिड़ियाघर के अधिकारियों ने इन्हें साथ नहीं रखने की सलाह दी थी। लायन सफारी में लाने के बाद इन्हें अन्य जोड़ों से बदलाना था लेकिन दोनों बीमार हो गए। चार डाक्टरों की टीम इनका इलाज कर रही है। वेटनरी इंस्टीट्यूट बरेली, देहरादून, आगरा व दिल्ली के डाक्टरों के इलाज से भी विशेष लाभ नहीं मिल पा रहा है। लायन सफारी के निदेशक केके सिंह ने बताया कि दोनों उठ नहीं पा रहे हैं लेकिन उनको ठीक करने की हर संभव कोशिश की जा रही है।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव परिवार के साथ आज आगरा के बटेश्वर पहुंचने वाले हैं। वहां हॉर्स शो का लुत्फ उठाएंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री चंबल सफारी का निरीक्षण करने इटावा पहुंचेंगे। यहां करीब एक घंटा रुकने के बाद वह रवाना होंगे।