उत्तर प्रदेश में पांच आइएएस अफसरों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल
उत्तर प्रदेश शासन ने पांच आइएएस अफसरों को नया दायित्व सौंपा। 2014 बैच के नौ आइएएस को स्थायी किया और प्रशिक्षण के लिए चार पीसीएस नामित किए।
लखनऊ (जेएनएन)। उत्तर प्रदेश शासन ने आज पांच आइएएस अफसरों को नया दायित्व सौंपा है। इसमें नगर विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम विभाग के प्रमुख सचिव पद पर तैनात कुमार कमलेश को हटा दिया गया है, जबकि उनकी जगह पर केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से वापस लौटे प्रतीक्षारत मनोज कुमार सिंह को दायित्व सौंपा गया है। कुमार कमलेश को हाल ही में एक बार और इस पद से हटाया गया था लेकिन, कुछ घंटे बाद ही आदेश निरस्त हो गया। अब उनके पास सिर्फ होमगार्ड विभाग का दायित्व रहेगा। प्रतीक्षारत रितु माहेश्वरी को आगरा विकास प्राधिकरण, आगरा का उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा असम-मेघालय कैडर से अन्तर्राज्यीय प्रतिनियुक्ति पर यहां आई पूजा पाण्डेय को निदेशक (प्रशासन)चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं बनाया गया है। विशेष सचिव अजीत कुमार को निदेशक (प्रशासन) चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं के अतिरिक्त प्रभार से अवमुक्त करते हुए उन्हें विशेष सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के पद पर यथावत बनाए रखा गया है।
यह भी पढ़ें: गोमती रिवर फ्रंट घोटाले की सीबीआइ जांच की संस्तुति
2014 बैच के नौ आइएएस स्थायी
केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय ने उप्र कैडर के 2014 बैच के नौ आइएएस अफसरों को स्थायी कर दिया है। इन्हें एक सितंबर 2016 से स्थायी किया गया है। स्थायी किए गए अफसरों में अभिषेक आनन्द, अक्षय त्रिपाठी, अर्चना वर्मा, ईषा दुहान, कृतिका ज्योत्सना, मृदुल चौधरी, निखील टिकाराम फुंदे, रवि रंजन और संदीप कुमार हैं।
यह भी पढ़ें: वक्त बदला, गांव और शहर बदला लेकिन नहीं बदले रामनाथ कोविंद
प्रशिक्षण के लिए चार और पीसीएस नामित
लोकसेवा आयोग द्वारा चयनित वर्ष 2013-15 बैच के पीसीएस अधिकारियों को 24 जुलाई से 13 अक्टूबर तक व्यवसायिक प्रशिक्षण दिया जाना है। उप्र प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी, अलीगंज लखनऊ में यह प्रशिक्षण होगा। इसके लिए शासन ने चार पीसीएस अफसरों को नामित किया है। विशेष सचिव नियुक्ति अशोक कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक इलाहाबाद में तैनात उपजिलाधिकारी प्रकाश चंद्र, मीरजापुर में तैनात वागीश कुमार शुक्ल, कानपुर नगर में तैनात धीरेन्द्र सिंह और सुलतानपुर में तैनात प्रमोद कुमार पाण्डेय को नामित किया गया है। प्रशिक्षण की अवधि में इन्हें अकादमी के हास्टल में रहना अनिवार्य होगा। इसके पहले भी इस प्रशिक्षण के लिए बड़ी संख्या में अफसर नामित किये गये थे।