रक्तदान- महादानः 11 करोड़ ब्लड डोनर तैयार करेगी भाजपा
पूरे देश में 11 करोड़ भाजपा कार्यकर्ता व सदस्य हैं। यदि इतनी संख्या में देश में रक्तदाता तैयार होंगे तो भविष्य में किसी की जान खून की कमी से नहीं जाएगी।
वाराणसी [राकेश पाण्डेय]। रक्तदान-महादान की सूक्ति को भारतीय जनता पार्टी व्यापक पैमाने पर अमल में लाने जा रही है। तय किया गया है कि आने वाले समय में पार्टी पंडित दीनदयाल ब्लड डायरेक्टरी तैयार करेगी। इसमें सभी भाजपा कार्यकर्ताओं के ब्लड ग्रुप व मोबाइल नंबर आदि क्षेत्रवार अंकित होंगे। मकसद यह है कि वक्त-जरूरत पडऩे पर समाज के किसी भी मरीज, घायल या जरूरतमंद को तत्काल रक्तदान हो सके। विदित हो कि पूरे देश में 11 करोड़ भाजपा कार्यकर्ता व सदस्य हैं। यदि इतनी संख्या में देश में रक्तदाता तैयार होंगे तो भविष्य में किसी की जान खून की कमी से नहीं जाएगी।
पंडित दीनदयाल ब्लड डायरेक्टरी तैयार किए जाने के बारे में बुधवार को प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल ने काशी प्रांत के प्रशिक्षण वर्ग में पदाधिकारियों को दी। चूंकि दुनिया में भाजपा ऐसी सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है जिसके करीब 11 करोड़ सदस्य हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं व सदस्यों की यदि ब्लड डायरेक्टरी पूरे देश में जिलावार या क्षेत्रवार तैयार हो जाती है तो यह दुनिया भर में सर्वाधिक ब्लड डोनर वाला डेटा बैंक होगा। भाजपा के कार्यकर्ता स्वैच्छिक रक्तदान के लिए बतौर वालंटियर उपलब्ध होंगे।