प्रतापगढ़ में आतिशबाज के घर विस्फोट से तीन की मौत
गैरकानूनी ढंग से पटाखे बनाने के दौरान प्रतापगढ़ के एक घर में विस्फोट से तीन लोगों की मौत हो गई। इस विस्फोट में आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से झुलस भी गये हैं।
लखनऊ। गैरकानूनी ढंग से पटाखे बनाने के दौरान प्रतापगढ़ के एक घर में विस्फोट से तीन लोगों की मौत हो गई। इस विस्फोट में आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से झुलस भी गये हैं।
प्रतापगढ़ के कुंडा कोतवाली क्षेत्र के मझिलगांव कस्बे में आतिशबाज के घर कल देर रात पटाखे बनाने के दौरान आग लगने से विस्फोट हो गया। भीषण विस्फोट में आतिशबाज के तीन बच्चों की मौत हो गई। इसमें आधा दर्जन से अधिक लोग झुलस गए हैं। इन्हें उपचार के लिए इलाहाबाद के स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोपाल सिंह का पुरवा मझिलगांव का अब्दुल सत्तार आतिशबाज है। वह शादी-ब्याह में आतिशबाजी करता है। कल देर रात वह पटाखे बना रहा था। कुछ पटाखे बनाकर रखे भी गए थे। इसी बीच पटाखे आग के संपर्क में आ गए व उनमें विस्फोट होने लगा। देखते ही देखते सत्तार के घर से आग की लपटे उठने लगीं। घर में आग लगने से हड़कंप मच गया। मदद में गांव वालों के पहुंचने तक सभी दस सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए थे। पुलिस की मदद से रात करीब दो बचे सभी को सीएचसी कुंडा ले जाया गया। वहां पर शाहीन (दस वर्ष) ने दम तोड़ दिया। इसके अलावा बंबू (सात) व साबरी (आठ वर्ष) की मौत स्वरूप रानी अस्पताल में हो गई। इनके अलावा सत्तार की पत्नी शकीला के साथ ही बच्चों समरीना, मोनू, मनई, सरफराज, शाहजीन व शहनवाज का इलाज एसआरएन में चल रहा है। आज सुबह कस्बे के बीच विस्फोट को लेकर सनसनी फैली रही।