Move to Jagran APP

भाजपा का आरोप, मुख्यमंत्री के निर्देश पर हुआ हमला

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुलिस द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं पर सुनियोजित हमले का आरोप लगाया है।

By Nawal MishraEdited By: Published: Thu, 25 Aug 2016 06:19 PM (IST)Updated: Thu, 25 Aug 2016 06:24 PM (IST)
भाजपा का आरोप, मुख्यमंत्री के निर्देश पर हुआ हमला

लखनऊ (राज्य ब्यूरो)। भारतीय जनता पार्टी विधान भवन मार्च कर रहे कार्यकर्ताओं पर लाठी चार्ज से गुस्से में है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुलिस द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं पर सुनियोजित हमले का आरोप लगाया है। पार्टी ने मुख्यमंत्री, डीजीपी सहित लाठी चार्ज के जिम्मेदार अफसरों पर मुकदमा कराने के लिए लखनऊ के हजरतगंज थाने में तहरीर भी दी है।

loksabha election banner

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने गुरुवार को यहां पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर भाजपा के शांतिपूर्ण प्रदर्शन को विफल करने के लिए बर्बर कार्रवाई की गयी। इस कारण एक हजार से अधिक कार्यकर्ता चुटहिल हुई और सैकड़ों गंभीर अवस्था में हैं। भाजपा कार्यकर्ता शांतिपूर्ण ढंग से धरना दे रहे थे, तभी पुलिस ने सुनियोजित ढंग से हमला कर दिया। आरोप लगाया कि यह पार्टी के कुछ नेताओं व कार्यकर्ताओं को मारने की साजिश के तहत किया गया। इसके लिए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पूरी तरह जिम्मेदार हैं। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष राम अवतार रावत ने इस मामले में हजरतगंज थाने में तहरीर दी है। इसके अनुपालन में मुख्यमंत्री, पुलिस महानिदेशक, डीएम, एसएसपी सहित अन्य अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा कायम किया जाए। उन्होंने कहा कि जिस तरह से भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठी चलाई गयी, वैसे यदि अपराधियों, भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई करते तो प्रदेश को शर्मिन्दा नहीं होना पड़ता। सरकार की ढिलाई से भूमाफिया ने जमीन कब्जा ली है, लोग प्रदेश छोड़ गए, महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, अपराधियों से ज्यादा पुलिसकर्मी मारे गए और सपा के गुंडे पुलिसकर्मियों को पीट रहे हैं। सूबे के मंत्री आजम खां द्वारा अपराध घटने की बात कहे जाने पर उन्होंने कहा कि उनके कहने व करने में अंतर है।

फर्जी मुकदमे के सबूत

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रशासन ने पार्टी के तीन हजार कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। यह मुकदमा पूरी तरह फर्जी है। इसका सबूत है कि मुकदमे में तमाम ऐसे लोगों के नाम लिखे गए, जो घटनास्थल पर ही नहीं थे। महामंत्री विजय बहादुर पाठक मुंबई गए हैं, महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल बाहर हैं और विधायक गोपाल टंडन घटना के समय विधानसभा के भीतर थे। मांग की कि जिन लोगों ने फर्जी मुकदमे लिखाए हैं, उनके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।

...पिताजी भी न कुचल पाए

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री इस तरह लाठी चार्ज व फर्जी मुकदमे कराकर भाजपा के आंदोलन को नहीं कुचल पाएंगे। इससे पहले उनके पिताजी मुलायम सिंह यादव ने भी तमाम कोशिशें कीं किन्तु भाजपा को नहीं कुचल सके। पार्टी उनके मुख्यमंत्री की कुर्सी छोडऩे तक आंदोलन करेगी और इसे कोई नहीं रोक पाएगा।

संसद में उठाएंगे मुद्दा

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उनके सहित कई सांसद थे, जिन्हें विधानसभा परिसर में जाने से रोकना विशेषाधिकार का हनन है। वे संसद में यह मसला उठाएंगे। इसके अलावा पुलिस मुकदमा नहीं लिखेगी तो वे जनता की अदालत में जाएंगे। आरोप लगाए कि मुख्यमंत्री के गुंडों ने शांतिपूर्ण भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच में घुसकर पुलिसकर्मियों पर पत्थर बरसाए।

दो चार को निपट जाने दो

पूर्व विधायक व भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राम नरेश रावत की ओर से हजरतगंज इंस्पेक्टर को दी गयी तहरीर में कहा गया है कि सीओ हजरतगंज अशोक वर्मा व इंस्पेक्टर हजरतगंज विजयमल यादव ने पुलिस बल को ललकारते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के आदेशों का हवाला देते हुए डीजीपी ने भाजपाइयों की जमकर पिटाई करने का निर्देश दिया है। यह भी कहा है कि दो-चार निपट भी जाएं तो निपट जाने दो, कोई बात नहीं। उन्होंने सीओ व इंस्पेक्टर पर जाति सूचक गालियां देने का भी आरोप लगाया है। इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजिल सैनी का कहना है कि तहरीर ले ली गयी है। एएसपी स्तर के अधिकारी से जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.