राज्यपाल रामनाईक को भारतयोग स्वास्थ्यश्री सम्मान
मोक्षायतन इंटरनेशनल योगाश्रम के नेशन बिल्डर्स एकेडमी के रजत जयंती समारोह में उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने कहा कि दुनिया योग की कायल हो गयी है। यही वजह है कि विदेशों में योग का महत्व बढ़ रहा है और इसी कारण 170 देशों ने 21 जून को विश्व
लखनऊ। मोक्षायतन इंटरनेशनल योगाश्रम के नेशन बिल्डर्स एकेडमी के रजत जयंती समारोह में उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने कहा कि दुनिया योग की कायल हो गयी है। यही वजह है कि विदेशों में योग का महत्व बढ़ रहा है और इसी कारण 170 देशों ने 21 जून को विश्व योग दिवस मनाने का ऐलान किया।
आज मोक्षायतन इंटरनेशनल योगाश्रम की ओर से सहारनपुर के बेरीबाग में संचालित नेशन बिल्डर्स एकेडमी के रजत जयंती समारोह का राज्यपाल ने दीप जलाकर उद्घाटन किया। मां सरस्वती एवं वेद मंदिर के लोकार्पण के बाद राज्यपाल ने आश्रम के साधकों द्वारा प्रस्तुत योग प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि पूरे विश्व में योग की प्रतिष्ठा बढ़ी है। पांच हजार वर्ष की योग विद्या दुनिया के सामने है। दुनिया के 170 देशों ने 21 जून को विश्व योग दिवस मनाने का निर्णय लिया है। यह सहारनपुर का सौभाग्य है कि भारत भूषण पिछले 25 वर्षों से यहां योग विद्या सिखा रहे हैं।
समारोह के दौरान योग गुरु पद्मश्री भारत भूषण ने आश्रम का सर्वोच्च 'भारत योग स्वास्थ्यश्रीÓ सम्मान राज्यपाल को दिया। शिक्षा सेवा व सामाजिक चेतना के लिए पं.विश्वंभर सिंह सामाजिक सरोकार पत्रकारिता सम्मान वरिष्ठ पत्रकार वासिंद्र मिश्र को, विधि-निधि अवार्ड उप्र तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलपति डा.आरके खंडल, विवेक निधि सम्मान डीएम डा.इन्द्रवीर सिंह यादव, मर्म चिकित्सा के अध्येता डा.सुनील जोशी को चिकित्सा शोध सम्मान, गुरुकुल कांगड़ी के प्रोफेसर डा.ईश्वर भारद्वाज को योगदूत सम्मान तथा डा.अनुराग मैनी को चिकित्सानिधि सर्वोत्तम 2015 सम्मान भी इस मौके पर दिया गया। इससे पूर्व राज्यपाल ने यज्ञ में पूर्णाहुति दी।