सट्टा बाजार में सातवें आसमान पर रहा भाजपा का भाव
लखनऊ का सट्टा बाजार काठमांडू, दिल्ली, और मुंबई से एक साथ खेला जा रहा था। तीनों जगह बैठे बड़े-बड़े बुकी ने जब कल सुबह बाजार का भाव खोला तो भाजपा को 240 सीटों से विजयी बताया।
लखनऊ (निशांत यादव)। एक तरफ जहां सुबह सात बजे सभी टीवी चैनलों पर शुरुआती रुझान मिलने का बेसब्री से इंतजार था, वहीं दूसरी ओर सट्टा बाजार में भाजपा की बढ़त तेजी से बढ़ती चली गई। भाजपा को बढ़ने और सपा-कांग्रेस गठबंधन के टूटने पर हर पल भाव बदलते चले गए। हालांकि बसपा इतनी पीछे रहेगी, यह अनुमान सट्टा बाजार भी नहीं लगा सका था।
लखनऊ का सट्टा बाजार काठमांडू, दिल्ली, और मुंबई से एक साथ खेला जा रहा था। तीनों जगह बैठे बड़े-बड़े बुकी ने जब कल सुबह बाजार का भाव खोला तो भाजपा को 240 सीटों से विजयी बताया, जबकि सपा-कांग्रेस गठबंधन पर 110 और बसपा की 45 सीटें के आने का भाव खुला। जैसे ही रुझान आना शुरू हुआ सट्टा बाजार पर भाजपा को 350 सीटों पर बढ़त दिखाते हुए उसका भाव आसमान पर पहुंचा।
यह भी पढ़ें: सट्टा लगाते 14 गिरफ्तार
दरअसल पिछले एक महीने से ही सट्टा बाजार में कई बार उतार-चढ़ाव हुए। पहले चरण के चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस गठबंधन को सट्टा बाजार 220 सीटें दिखा रहा था, जबकि बसपा को 60 से 70 और भाजपा को 100 से 110 सीटें दिखायी गईं। दूसरे चरण के बाद सपा-कांग्रेस गठबंधन को 190 तो भाजपा को 150 सीटों की बढ़त दिखायी गई। सपा-कांग्रेस गठबंधन लगातार सट्टा बाजार में टूटता गया और भाजपा बढ़ती चली गई। हालांकि बसपा को इतना कम आंकना किसी को समझ नहीं आ रहा था।
बसपा को 65 से 70 सीटें दिखाने के बाद इस पर जमकर दांव लगा। शनिवार को जब नतीजे सामने आए तो बसपा की हालत इतनी बिगड़ी कि कई के दांव उल्टे ही पड़ गए। फिलहाल जुबान के इस कारोबार में कल परिणाम आने के बाद कई ने जमकर कमाए तो कई दिवालिया तक हो गए।
यह भी पढ़ें: Punjab election2017: पार्टियों में चुप्पी, चुनाव रिजल्ट पर सक्रिय हुए सट्टेबाज